हिमाचल में बिगड़े मौसम के मिजाज, शिमला में जमकर हुई ओलावृष्टि

Edited By Vijay, Updated: 23 Feb, 2020 08:16 PM

hailstorm in shimla

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली। रविवार दोपहर बाद प्रदेश के कुछेक ऊंचे क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे एक बार फिर से ठंड लौट आई है। राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में भी दोपहर...

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली। रविवार दोपहर बाद प्रदेश के कुछेक ऊंचे क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे एक बार फिर से ठंड लौट आई है। राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में भी दोपहर के समय आसमान से बरसी आफत ने लोगों को परेशानी में डाल दिया। शहर में रविवार को तेज ओलावृष्टि से शहर सफेद चादर से ढक गया। ओलावृष्टि काफी मात्रा में हुई, जिससे बर्फबारी जैसा नजारा देखने को मिला।
PunjabKesari, Hailstorm Image

रविवार को दिन की शुरूआत खिली धूप से हुई थी। दोपहर 12 बजे तक मौसम साफ  था लेकिन इसके बाद मौसम के मिजाज बिगड़े और काले बादल आसमान में छा गए। देखते ही देखते बादलों की गडग़ड़ाहट के साथ बरसात के बाद ओले गिरने लगे। शहर के उपनगर बालूगंज, टुटू व ढांडा में सबसे ज्यादा ओलीवृष्टि हुई है। असली नजारा शिमला-धर्मशाला हाईवे पर देखने को मिला, जहां आधे घंटे तक ओलावृष्टि होती रही तथा ओलों से हाईवे सफेद हो गया।
PunjabKesari, Hailstorm Image

शहर में शाम तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा, वहीं शिमला के साथ पर्यटन केंद्र कुफरी में भी हल्का हिमपात दर्ज किया गया। ऊंचे क्षेत्रों में बिगड़े मौसम के मिजाज से मध्यम तथा मैदानी क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वीकैंड पर शिमला पहुंचे सैलानियों ने वर्षा व ओलावृष्टि के दौरान होटलों में ही रहना मुनासिब समझा। ठंड के चलते पर्यटकों ने गर्म कपड़े, दस्ताने, मफलर व टोपी की खरीददारी भी की। कई स्थानों पर सैलानी बर्फ से खेलते और फोटोग्राफी करते नजर आए।
PunjabKesari, Tourist Image

रविवार को शिमला का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिला का केलांग सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां रविवार को न्यूनतम तापमान -7.3 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड हुआ। इसके अलावा किन्नौर के कल्पा में -0.8 डिग्री, मनाली में 0.6, कुफरी में 2.6, डल्हौजी में 5.2, सोलन में 6, पालमपुर में 6.5, चम्बा व सुंदरनगर में 7.1, धर्मशाला में 7.6, ऊना में 9.5, कांगड़ा में 8.2, बिलासपुर में 10 और हमीरपुर में 10.2 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुए बदलाव के कारण यह ओलावृष्टि हुई है तथा सोमवार से मौसम खुल जाने की उम्मीद है। उन्होंने 26 फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम के साफ  रहने की संभावना जताई है। 27 से 29 फरवरी तक पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में 28 व 29 फरवरी को गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!