Edited By Vijay, Updated: 16 Apr, 2024 04:10 PM
अटल टनल रोहतांग के नाॅर्थ पोर्टल में मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे हिमखंड गिरा। हिमखंड गिरने से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ लेकिन चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया। लगभग 3 घंटे तक चंद्रभागा नदी का बहाव रुका रहा।
मनाली (सोनू): अटल टनल रोहतांग के नाॅर्थ पोर्टल में मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे हिमखंड गिरा। हिमखंड गिरने से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ लेकिन चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया। लगभग 3 घंटे तक चंद्रभागा नदी का बहाव रुका रहा। 12 बजे के बाद नदी ने अपना रास्ता बना लिया और साढ़े 12 बजे सब सामान्य हो गया। वहीं इसकी जानकारी मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने 9 बजे ही केलांग से मनाली आ रहे सभी वाहनों को तांदी के पास रोक दिया। जब तक नदी का बहाव सामान्य नहीं हुआ तब तक पुलिस के जवान लाऊड स्पीकर से पर्यटकों व राहगीरों को नदी से दूर रहने की हिदायद देते रहे। हिमखंड अटल टनल के नाॅर्थ पोर्टल में मात्र 50 मीटर की दूरी पर गिरा था लेकिन इससे टनल को कोई नुक्सान नहीं हुआ।
सिस्सू के पास भारी बारिश से सड़क धंसी
दूसरी ओर सिस्सू के पास भारी बारिश से सड़क धंसने से मनाली-केलांग मार्ग घंटों बंद रहा। मनाली सहित लाहौल में रातभर भारी बारिश हुई। बारिश के चलते आधी रात को सिस्सू के पास सड़क धंस गई। सुबह पता चलते ही बीआरओ सड़क बहाली में जुटा। दोपहर 12 बजे तक बीआरओ ने सड़क यातायात के लिए बहाल कर दी। सिस्सू चौकी प्रभारी सीता राम ने बताया कि हिमखंड गिरने से कोई नुक्सान नहीं हुआ है। चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया था जो कुछ ही घंटे बाद सामान्य हो गया। उन्होंने बताया कि बारिश होने से सिस्सू के पास सड़क धंस गई थी, जिसे बीआरओ ने बहाल कर दिया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here