Edited By Updated: 24 Sep, 2015 07:17 PM

उपमंडल के झाकड़ी के समीप खड़काग गांव में तेंदुआ 3 वर्षीय मासूम बच्चे को उठाकर ले गया।
रामपुर बुशहर: उपमंडल के झाकड़ी के समीप खड़काग गांव में तेंदुआ 3 वर्षीय मासूम बच्चे को उठाकर ले गया। पुलिस और वन विभाग की टीम व स्थानीय लोगों ने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर बालक की हड्डियां व पजामा बरामद किया है। बालक का नाम अभिषेक पुत्र शमशेर बहादुर है। यह व्यक्ति परिवार सहित झाकड़ी के शाखरू दास के घर पर रहता था। एक हफ्ते के भीतर झाकड़ी क्षेत्र में बच्चों पर तेंदुए का यह दूसरा हमला है।
इस वर्ष 5 माह के भीतर रामपुर, झाकड़ी, चौरा व आनी क्षेत्र में भालू और तेंदुए के डेढ़ दर्जन से अधिक हमले हुए हंै। इससे पूर्व भी रामपुर के खनेरी से 3 वर्षीय बालिका को तेंदुआ उठाकर ले गया था। वन मंडलाधिकारी रामपुर अमित शर्मा ने बताया कि झाकड़ी के खड़काग में 3 साल के बच्चे को तेंदुए द्वारा उठाने की जानकारी मिली है। बच्चे को ढंूढने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी तरफ थाना प्रभारी झाकड़ी तारा चंद नेगी ने बताया कि घर से 100 मीटर की दूरी पर बालक का पजामा व हड्डियां मिली हैं।
10 सालों में तेंदुए के 370 हमले
प्रदेश में पिछले 10 वर्षों में 370 से अधिक तेंदुए के हमले हुए हैं और 34 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश का वन्य प्राणी विभाग तेंदुए नरभक्षी क्यों हो रहे हैं इसका अध्ययन कर रहा है। इसके लिए बेंगलुरु की वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन सोसायटी के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।