Edited By Vijay, Updated: 27 Jun, 2019 06:00 PM
मंडी जिला के करसोग उपमंडल के अंतर्गत आते चुराग में हो रही चोरियों की वारदातों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। हाल ही में हत्थे चढ़े आरोपी यमन कुमार ने पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पता चला है कि यमन कुमार ने इसी साल...
करसोग (धर्मवीर): मंडी जिला के करसोग उपमंडल के अंतर्गत आते चुराग में हो रही चोरियों की वारदातों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। हाल ही में हत्थे चढ़े आरोपी यमन कुमार ने पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पता चला है कि यमन कुमार ने इसी साल अपने ही 3 पड़ोसियों के घरों में चोरियों को अंजाम दिया था। इसके साथ ही पुलिस ने इस कड़ी में जुड़े पूरे नैटवर्क का भी पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी को अंजाम देने वाले 2 अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी फिलहाल सलाखों के पीछे हैं। अब पुलिस इन तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लेने की मांग करेगी ताकि चोरियों को लेकर कुछ और सुराग मिल सकें।
ऐसे उठा चोरी की वारदातों से पर्दा
यमन कुमार 3 दिन पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ा था। बता दें कि 24 जून को पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया था तो उस समय भी वह एक घर में चोरी के इरादे से घुसा हुआ था, जिसकी सूचना घरवालों ने पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद 25 जून को आरोपी को कोर्ट में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इस दौरान उसने सब कुछ उगला दिया।
चुराग में हुई तीनों चोरियों में मुख्य आरोपी है यमन कुमार
पुलिस रिमांड के दौरान यमन कुमार ने इस साल 26 जनवरी की रात को देवराज शर्मा और राजेश शर्मा घर पर की गई चोरियों के जुर्म को भी स्वीकार किया है। देवराज के घर से डेढ़ लाख के जेवर सहित नकदी पर हाथ साफ किया गया था। इसी तरह से राजेश शर्मा के घर से भी इतनी की राशि के जेवरात चोरी किए गए थे। इसी साल 18 मार्च को चुराग में ही राजेन्द्र कौल के घर से गहने चोरी करने में यमन कुमार का हाथ बताया जा रहा है। पुलिस के सामने कबूल किए जुर्म में यमन कुमार ने कृष्ण लाल का भी नाम लिया है और चुराग के खेमराज को ये गहने बेचे गए थे। इन दोनों लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
यमन और कृष्ण लाल ने की थीं चोरियां
ए.एस.आई. बलवीर सिंह का कहना है कि यमन कुमार ने पुलिस रिमांड के दौरान 2 लोगों के नाम लिए थे, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है। अभी इनसे पूछताछ जारी है। उन्होंने बताया कि यमन कुमार और कृष्ण लाल ने चुराग में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था और खेमराज को इन दोनों ने अंगूठी और चेन बेची थी। इसमें अंगूठी की रिकवरी हो चुकी है।