Edited By Kuldeep, Updated: 28 Mar, 2026 09:56 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा एक वर्ष के भीतर एम्स दिल्ली की टैक्नोलॉजी को प्रदेश में लाने जा रहे हैं। हिमाचल के मैडीकल कॉलेजों में एडवांस ऑटोमैटिड लैब बनेगी।
शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा एक वर्ष के भीतर एम्स दिल्ली की टैक्नोलॉजी को प्रदेश में लाने जा रहे हैं। हिमाचल के मैडीकल कॉलेजों में एडवांस ऑटोमैटिड लैब बनेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक मंदी के बावजूद सरकार ने 3 मैडीकल कॉलेजों को लैब रैनोवेशन के लिए 25-25 करोड़ रुपए दिए हैं। यह बात उन्होंने शुक्रवार को विधानसभा में विपक्ष की ओर से स्वास्थ्य पर लाए कटौती प्रस्ताव पर हुई चर्चा के दौरान स्पष्टीकरण देते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 3 वर्षो में सरकार ने मैडीकल एजुकेशन में क्रांतिकारी परिवर्तन किए हैं।
पिछली सरकार ने मैडीकल एजुकेशन की ओर कुछ समय तक ध्यान दिया तथा उसके बाद इसे अचेत अवस्था में छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर हमीरपुर मैडीकल कॉलेज को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन वह गुलाम नबी आजाद द्वारा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में पहली बार एडवांस टैक्नोलॉजी लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी संस्थानों में ह्यूमैन टैस्ट करते हैं, लेकिन यह टैस्ट कम्प्यूटराइज्ड होगा और तत्काल बीमारी का पूरा पता चलेगा।
इसके अलावा सरकार ने पैथोलॉजी विभाग को मजबूत करने के लिए कुछ विभाग चिन्हित किए हैं। सरकार ने आईसीयू में सबसे महत्वपूर्ण सुविधाओं के लिए प्रत्येक मैडीकल कॉलेज में 40 बैड स्वीकृत किए हैं। सरकार ने स्टेट में कैंसर इंस्टीच्यूट बनवाया, जिसमें टॉप के कैंसर डॉक्टर को पैनल में शामिल किया और अध्ययन करवाया। उनके अध्ययन से पता चला है कि हमारी जनसंख्या के आधार पर पूरे देश में नॉर्थ ईस्ट के बाद हम दूसरे नंबर पर कैंसर की वॉल व कैंसर के मरीज बनते जा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए कैंसर अस्पताल में 470 पोस्टें स्वीकृत की हैं। इसके अलावा सरकार ने एडवांस लाइफ स्पॉर्ट सिस्टम की 25 एम्बुलैंस स्वीकृत की हैं। उन्होंने एक वर्ष का समय मांगा तथा कहा कि एक वर्ष में अस्पतालों में एडवांस टैक्नोलॉजी लाई जाएगी।