Edited By Swati Sharma, Updated: 14 Apr, 2026 02:36 PM

Mandi Girl Murder Case: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की हत्या ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया है, बल्कि पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बद्दी में ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने...
Mandi Girl Murder Case: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया की हत्या ने न केवल एक परिवार को उजाड़ दिया है, बल्कि पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बद्दी में ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले सिया के पिता ने उस पल की आपबीती सुनाई, जब एक मामूली फोन कॉल ने उनके जीवन में अंधेरा कर दिया।
एक फोन कॉल और थम गई दुनिया
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात करते हुए सिया के पिता फफक पड़े। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी को यह बताने के लिए फोन कर रहे थे कि उन्होंने खाते में पैसे भेज दिए हैं। पिता ने रूंधे गले से कहा, "मैंने सोचा था पत्नी से हाल-चाल पूछ लूं, लेकिन दूसरी तरफ से चीख सुनाई दी... 'जल्दी घर आ जाओ, हमारी सिया को काट दिया है'। मैं सन्न रह गया, मुझे समझ नहीं आया कि अभी थोड़ी देर पहले जिस बेटी से बात हुई थी, उसके साथ ऐसा कैसे हो गया।"
सिया के चाचा ने क्या कहा?
सिया के चाचा ने बताया कि सिया रोज की तरह पौने नौ बजे वाली बस से कॉलेज के लिए निकली थी। उसके साथ उसकी एक सहेली भी जाती थी। सवा नौ बजे के करीब यह वारदात हुई। चश्मदीदों और परिजनों के अनुसार, सिया ने अपनी सहेली को फोन पर बताया भी था कि वह रास्ते में है और बस पहुंचने ही वाली है। लेकिन रास्ते में ही आरोपी ने उसकी जान ले ली।
जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा
वहीं, इस दुखद घड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "आज हिमाचल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सरकार पंगु बनी हुई है और अपराधी बेखौफ हैं। नशाखोरों ने सरेआम लोगों को मौत के घाट उतारना शुरू कर दिया है। सरकार केवल आयोजनों और मैराथन में व्यस्त है, जबकि धरातल पर बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।" वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस घटना पर दुख जताया है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें