Edited By Vijay, Updated: 06 Sep, 2023 09:26 PM

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इंडिया के स्थान पर भारत लिखने पर घमंडिया विपक्ष की आपत्ति औचित्यहीन है। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत इकलौता देश है, जिसके पासपोर्ट पर 2 अलग-अलग नाम हैं।
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इंडिया के स्थान पर भारत लिखने पर घमंडिया विपक्ष की आपत्ति औचित्यहीन है। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत इकलौता देश है, जिसके पासपोर्ट पर 2 अलग-अलग नाम हैं। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष से ही हमारी हजारों वर्ष पुरानी पहचान है। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करना विपक्ष का एकमात्र काम है। उन्होंने कहा कि इंडिया के स्थान पर भारत लिखना केंद्र सरकार का स्वागत योग्य कदम है, जिसकी देश के विभिन्न हिस्सों से मांग उठ रही थी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 9 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। देश में पारदर्शी व भ्रष्टाचारमुक्त सरकार चलाकर भारत आज दुनिया के अग्रणी देशों की श्रेणी में खड़ा हुआ है। विपक्ष के पास केंद्र सरकार के विरुद्ध आवाज उठाने का एक भी मुद्दा नहीं है, इसीलिए उसको कामकाज पर आपत्ति रहती है। देश की जनता लोकसभा चुनाव में विपक्ष के घमंडिया गठबंधन को जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार एनडीए गठबंधन पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेगा और भारत अब दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
दालों के दाम बढ़ाकर आपदा में दोहरी मार कर रही सरकार : धर्माणी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार आपदा में दालों के दाम बढ़ाकर दोहरी मार कर रही है। उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि प्रदेश सरकार लोगों पर महंगाई का बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने 2 बार डीजल के दाम बढ़ाए और अब सस्ते राशन के डिपुओं में मिलने वाली दालों के दाम बढ़ाए गए हैं। उन्होंने सरकार से तुरंत इन दामों को वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सस्ते राशन के दाम में बढ़ौतरी करना सही नहीं है, क्योंकि इससे सीधे गरीब लोगों पर असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले महंगाई दूर करने का वायदा करने वाली कांग्रेस एक-एक करके अपनी सभी गारंटियों को भूलती जा रही है। इसके विपरीत केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलैंडर के दाम में 200 रुपए और उज्ज्वला योजना के गैस सिलैंडर के दाम में 400 रुपए की कटौती की है।
मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा : रश्मिधर
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने कहा कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 2 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधान सेवक की तरह देश की सेवा कर रहे हैं। इसलिए भाजपा भी उनके जन्मदिन पर बूथ स्तर से कार्यक्रम आयोजित करेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here