Edited By Vijay, Updated: 30 Apr, 2025 06:30 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पयटकों की नृशंस हत्या के बाद जब पूरा देश शोक में डूबा था तो नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नाच-गाना कर रहे थे।
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पयटकों की नृशंस हत्या के बाद जब पूरा देश शोक में डूबा था तो नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर नाच-गाना कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष उस राष्ट्रवादी विचारधारा वाली कांग्रेस पार्टी पर उंगली उठा रहे हैं, जिसने 2 प्रधानमंत्री और 1 मुख्यमंत्री को देश के लिए कुर्बान किया है। ऐसा उदाहरण पूरे विश्व में कहीं भी देखने को नहीं मिलता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में कांग्रेस पार्टी और हिमाचल प्रदेश सरकार पूरी तरह से केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष मीडिया फीवर के शिकार हो गए हैं। ऐसे में वह मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए अनाप-शनाप बयानबाजी करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लाखों कार्यकर्त्ताओं ने छत्तीसगढ़ में भी बलिदान दिया है।
राहुल गांधी ने कहा-केंद्र का हर फैसला मंजूर
मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रहित में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो फैसला लेंगे, वह कांग्रेस पार्टी को मंजूर है। आतंकवाद से लड़ने में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से केंद्र सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी उन सभी परिवारों के साथ भी खड़ी है, जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है।
भाजपा के हाथी की तरह दांत खाने के और दिखाने के और
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के हाथी की तरह दांत खाने के और तथा दिखाने के और हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर कांग्रेस इस तरह राजनीति नहीं करती। कांग्रेस ऐसी किसी भी घटना की निंदा करती है, जिसमें राष्ट्रहित नहीं है।
हिमाचल के वित्तीय हालात को जयराम ने बिगाड़ा
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश के वित्तीय हालात को मुख्यमंत्री रहते हुए जयराम ठाकुर ने बिगाड़ा। ऐसे में जब भी प्रदेश की वित्तीय हालत का उल्लेख होगा, तो उस समय जयराम ठाकुर की भूमिका पर भी सवाल उठाए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने प्रदेश के संसाधनों को लुटाने का काम किया है तथा वर्तमान सरकार प्रदेश हित से किसी तरह का समझौता नहीं कर रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here