Edited By Vijay, Updated: 02 Apr, 2026 05:46 PM

प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था लगातार देखने को मिल रही है। बुधवार देर शाम पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने मन्नत पूरी होने पर मां के चरणों में 4.50 तोले सोने की चौरी भेंट की है।
चिंतपूर्णी (सुनील): प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था लगातार देखने को मिल रही है। बुधवार देर शाम पंजाब से आए एक श्रद्धालु ने मन्नत पूरी होने पर मां के चरणों में 4.50 तोले सोने की चौरी भेंट की है। बाजार में इस स्वर्ण चौरी की कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी जा रही है।
मंदिर अधिकारी संजीव कुमार प्रभाकर ने जानकारी देते हुए बताया कि माता चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी लगाने वाले भक्तों की जब भी कोई मनोकामना पूरी होती है, तो वे अपनी श्रद्धा अनुसार चढ़ावा चढ़ाते हैं। इससे पहले भी कई बार श्रद्धालु माता के चरणों में सोने-चांदी के मुकुट और चांदी की आंखें अर्पित कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं द्वारा भेंट किए गए इन आभूषणों का उपयोग माता के शृंगार के लिए किया जाता है और विशेषकर आरती के समय माता को इन्हीं आभूषणों से सजाया जाता है।
वहीं, मंदिर के पुजारी निरंजन कालिया ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी भक्त लगातार सहयोग कर रहे हैं। हाल ही में चैत्र नवरात्रों से ठीक पहले माता के दरबार में माथा टेकने आए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के हॉल में 4 वातानुकूलित (एसी) यंत्र भेंट किए गए थे, जिन्हें स्थापित कर दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें