Edited By Swati Sharma, Updated: 29 Mar, 2026 01:25 PM

Solan News : हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर का धोबीघाट क्षेत्र शनिवार को उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दिनदहाड़े हुए इस हमले में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी (IGMC) शिमला...
Solan News : हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर का धोबीघाट क्षेत्र शनिवार को उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दिनदहाड़े हुए इस हमले में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर किया गया है। सरेआम हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
परीक्षा केंद्र से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, विवाद की पटकथा शहर के गर्ल्स स्कूल के पास तब लिखी गई जब अभिषेक नाम का युवक वहां परीक्षा देने पहुंचा था। आरोप है कि वहां कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और बहसबाजी शुरू कर दी। डर के मारे अभिषेक ने अपने परिजनों को फोन किया, जिसके बाद अजय कुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और अभिषेक को वहां से सुरक्षित निकाला। प्रत्यक्षदर्शी अजय कुमार ने बताया कि जब वे अभिषेक को लेकर धोबीघाट की ओर जा रहे थे, तभी अचानक 15 से 20 अज्ञात युवकों के एक झुंड ने उन पर धावा बोल दिया। हमलावर लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से लैस थे। हमलावरों ने बेरहमी से वार करना शुरू कर दिया, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामला दर्ज
वहीं, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है। घायलों की पहचान हर्ष, ललित किशोर (23) और ललित (26) के रूप में हुई है। तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल ललित को बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
देश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें