Edited By Vijay, Updated: 11 Dec, 2022 08:20 PM

मेरी और सुक्खू की जोड़ी हिमाचल प्रदेश में नम्बर वन साबित होगी। प्रदेश के विकास को दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाया जाएगा। पूर्व कांग्रेस सरकार में मैं जब मंत्री था तब सुखविंदर सुक्खू कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष थे और हमारा आपसी तालमेल बेहतर है।
ऊना (सुरेन्द्र): मेरी और सुक्खू की जोड़ी हिमाचल प्रदेश में नम्बर वन साबित होगी। प्रदेश के विकास को दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाया जाएगा। पूर्व कांग्रेस सरकार में मैं जब मंत्री था तब सुखविंदर सुक्खू कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष थे और हमारा आपसी तालमेल बेहतर है। हम सब मिलकर एकजुटता के साथ प्रदेश के हित में काम करेंगे। यह बात यहां जारी बयान में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कही। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में हर गारंटी को पूरा किया जाएगा। प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने जनता के साथ हर गारंटी को पूरा करने का वायदा किया है और हमारा काम है कि हम उनके हर अक्षर का पालन करें। यह सरकार मजबूत है, स्थिर है और 5 साल ठोक बजाकर काम करेगी।
देवभूमि ने रोका भाजपा का विजय रथ
मुकेश ने कहा कि भाजपा शोर कर रही थी कि प्रदेश कांग्रेस मुक्त हो रहा है, कांग्रेस यहां आ नहीं पाएगी, कांग्रेस का नेता कौन है? जनता ने जनादेश से सब बता दिया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि ने भाजपा के विजय रथ को रोक दिया है। हिमाचल ने बता दिया है कि मुद्दों की अहमियत क्या है? उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता के जनादेश को सर्वोपरि रखते हुए हिमाचल प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से हिमाचल के हक को लिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व को मजबूत किया है और सभी नेताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश में तख्त और ताज बदलने का काम किया है। हम सब मिलकर स्व. वीरभद्र सिंह के सपनों को पूरा करेंगे।
राजनीतिक रूप से दर्ज मामले वापस होंगे
अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो राजनीतिक मुकद्दमे राजनीतिक कार्यकत्र्ताओं पर दर्ज किए हैं, उनको वापस करने का हमने वायदा किया है और सरकार की कार्यप्रणाली शुरू होने के बाद ऐसे राजनीतिक मुकद्दमों को वापस करने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चाहे वह राजनीतिक दलों के कार्यकत्र्ताओं पर हो या फिर कर्मचारियों पर हों, ऐसे सभी राजनीतिक द्वेष के तहत दर्ज मामले वापस करेंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here