Edited By Vijay, Updated: 21 May, 2025 06:08 PM

हिमाचल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद पर नए चेहरे की नियुक्ति को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच वीरवार को जब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह से इस बारे सवाल पूछा गया तो....
शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद पर नए चेहरे की नियुक्ति को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच वीरवार को जब प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह से इस बारे सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह तो अब हाईकमान डिसाइड करेगा कि किसको इस पद पर बिठाना है या जारी रखना है, ऐसे में इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी जा सकती है। जब उनसे सवाल किया गया कि पार्टी को क्या मजबूत प्रदेशाध्यक्ष की जरूरत है, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी कहा था कि पार्टी अध्यक्ष रबड़ स्टैंप नहीं होना चाहिए, तो इसके जवाब में प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह बात सही है कि जिसने पार्टी की कमान को संभालना है, वह ऐसा व्यक्ति होना चाहिए, जिसका अपना प्रभाव हो, पहचान हो और वह पार्टी का काम करने में पूरी तरह सक्षम हो। उन्होंने कहा कि वह भी चाहेंगी कि यदि बदलाव हो तो कद्दावर नेता ही आगे आना चाहिए, ताकि उनके नेतृत्व में संगठन मजबूती से आगे बढ़ सके।
कार्यकारिणी के गठन को लेकर हाईकमान से लगातार हो रही बात
प्रतिभा सिंह ने कहा कि संगठन के पुनर्गठन को लेकर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को विश्वास में लिया गया और दोनों नेताओं के साथ चर्चा भी हुई। ऐसे में अब इंतजार हो रहा कि कब हाईकमान फैसला लेता है। एक अन्य सवाल के जवाब में प्रतिभा सिंह ने कहा कि कार्यकारिणी के गठन को लेकर वह लगातार हाईकमान से बात कर रही हैं। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से भी संपर्क किया गया है। निवेदन किया जा रहा है कि जल्द कार्यकारिणी का गठन हो, ताकि सभी फील्ड में जाकर कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करें।
शीघ्र होगी मीटिंग, विलंब का यह भी रहा कारण
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन को लेकर एआईसीसी ने एक मीटिंग भी रखी थी, जिसमें सभी नेताओं को बुलाया था। बैठक में हाईकमान ने सभी से चर्चा करनी थी लेकिन इसी बीच देश में जो परिस्थितियां बनीं, उसके चलते बैठक रद्द कर दी गई। ऐसे में कुछ विलंब हुआ है। अब शीघ्र मीटिंग होगी, सभी बातें हाईकमान के संज्ञान में लाई जाएंगी।
वीरभद्र सिंह ने घर से चलाया था पार्टी कार्यालय
एक अन्य सवाल के जवाब में प्रतिभा सिंह ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का कांग्रेस के लिए बहुत बड़ा योगदान रहा है। एक बार वीरभद्र सिंह ने पार्टी को अपने निजी घर से भी चलाया था। मुश्किल हालात में उन्होंने पार्टी की बागडोर संभाली और कांग्रेस को दोबारा जीवित किया। उनके इस योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। पार्टी की मजबूती के लिए सभी को उनके पदचिन्हों पर चलना है, संगठन इससे भटके नहीं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here