Edited By Vijay, Updated: 23 Jun, 2022 06:27 PM

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की 89वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से प्रदेश भर में कार्यक्रमों का आयोजन करके उनको श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश के कई स्थानों पर इस दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन करने के अलावा अस्पतालों में जाकर...
शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की 89वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से प्रदेश भर में कार्यक्रमों का आयोजन करके उनको श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश के कई स्थानों पर इस दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन करने के अलावा अस्पतालों में जाकर रोगियों को फलों का वितरण किया गया। वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट करके पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री की जनता के प्रति की गई सेवाओं की सराहना भी की।
भावुक हुईं प्रतिभा सिंह, नहीं दे पाईं भाषण
स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सांसद प्रतिभा सिंह भावुक होने के कारण भाषण नहीं दे पाईं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को याद करने के लिए सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आने पर आधुनिक हिमाचल प्रदेश के निर्माता वीरभद्र सिंह की रिज मैदान पर प्रतिमा स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने ऊपरी-निचले हिमाचल की राजनीति को समाप्त किया तथा 6 दशकों तक प्रदेश की जनता की सेवा की। उन्होंने प्रदेश की टोपी को विश्वभर में एक विशेष पहचान दी।
पूरे प्रदेश को अपना घर माना और जनता की सेवा की : विक्रमादित्य सिंह
विधायक विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश के लिए दी गई सेवाओं के लिए वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी क्षेत्रवाद की राजनीति नहीं की। उन्होंने पूरे प्रदेश को अपना घर माना और जनता की सेवा की। कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने वीरभद्र सिंह के संस्मरणों को याद किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री के छात्राचित्र पर अपनी पुष्पांजलि अर्पित की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कमला नेहरू अस्पताल जाकर उपचाराधीन महिलाओं को फल वितरण किए तथा बाद में भराड़ी में क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने आईजीएमसी शिमला स्थित कैंसर अस्पताल में बॉबी सरबजीत के साथ रोगियों को लंगर का वितरण किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here