Edited By Vijay, Updated: 03 Oct, 2023 10:58 PM

मुख्यमंंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश का तो बेड़ागर्क किया ही, साथ में व्यवस्था का भी सियापा पीट दिया। इसी के चलते प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार के...
शिमला (राक्टा): मुख्यमंंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश का तो बेड़ागर्क किया ही, साथ में व्यवस्था का भी सियापा पीट दिया। इसी के चलते प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान अव्यवस्था का माहौल रहा। मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार को शिमला में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में सरकारी भर्तियों में भारी धांधली हुई। कई पेपर लीक हुए और बिके, जिनकी जांच जारी है और संबंधित मामलों में अभी तक 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा जांच जारी है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार ने राज्य चयन आयोग का गठन किया है और भर्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला ने जेबीटी में थोड़ी गलती की और 10 साल की सजा भुगती।
सरकार हर प्रभावित को पहुंचाएगी राहत राशि
मुख्यमंत्री ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि राज्य सरकार ने 4500 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा की है और इसके तहत आपदा प्रभावितों को जल्द ही राहत मिलना शुरू हो जाएगी। सरकार हर प्रभावित को राहत राशि पहुंचाएगी। इसके लिए पूरी रिपोर्ट तैयार की गई है। उन्होंने आशा व्यक्ति की कि केंद्र सरकार जल्द ही प्रदेश को आपदा से उभरने के लिए विशेष राहत राशि प्रदान करेगी।
कानूनी पहलुओं को खंगालने के बाद ही लिया जाएगा उचित निर्णय
कोविड वॉरियर्स की सेवाएं समाप्त करने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि पूर्व सरकार ने इन कर्मचारियों को किसी नीति के तहत नहीं रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कर्मचारियों को कैसे एडजस्ट करना है, उस पर विचार किया जा रहा है। 2 से 3 बार मंत्री बैठक भी कर चुके हैं। कानूनी पहलुओं को खंगालने के बाद ही इनकी सेवाओं को लेकर उचित निर्णय लिया जाएगा।
फिर से होंगी ग्राम सभाएं
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अपनी कुछ मांगों को लेकर जिला परिषद कैडर हड़ताल पर है। उन्होंने कहा कि बीते दिन कुछ पंचायतों में कोरम पूरा न होने के चलते ग्राम सभाएं नहीं हो पाईं, ऐसे में संबंधित ग्राम पंचायतों में फिर से ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here