Edited By Vijay, Updated: 02 Sep, 2022 06:06 PM

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की उपतहसील पझोता के रोहड़ी गांव पहुंचे। उन्होंने आजादी का अमृत महोत्सव व प्रगतिशील हिमाचल के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
राजगढ़ (गोपाल): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की उपतहसील पझोता के रोहड़ी गांव पहुंचे। उन्होंने आजादी का अमृत महोत्सव व प्रगतिशील हिमाचल के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीब व आम आदमी के कल्याण के लिए दर्जनों योजनाएं चलाकर साबित किया है कि जो अब तक के बड़े-बड़े मुख्यमंत्री नहीं कर पाए वो उन्होंने कर दिखाया है। एक छोटा व्यक्ति ही गरीबों के दुख-दर्द व समस्याओं को भलीभांति समझ सकता है। उन्होंने कहा कि इस बार उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हिमाचल में भी भाजपा की सत्ता वापसी होगी।

जयराम ठाकुर ने पझोता क्षेत्र के लोगों के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान व हिमाचल निर्माता डाॅ. वाईएस परमार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि सिरमौर वालों ने मेरे साथ मामा का रिश्ता जोड़ा है। मामा हमेशा सिरमौर के लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने गिरीपार को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा दिलाने की अपनी वचनबद्धता को दोहराया और इस मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी व विधायक रीना कश्यप ने भी गिरीपार क्षेत्र को जल्द जनजातीय क्षेत्र का दर्जा देने की मांग को जल्द पूरा करने की बात कही।
विभिन्न विकास योजनाओं की आधारशिला रखी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में 91.16 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं की आधारशिला रखी। वहीं हिमाचल की विकास यात्रा पर आधारित विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों को लोकार्पण भी किया।
ये की घोषणाएं
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस दौरान ल्यू कुफर स्कूल को अपग्रेड कर राजकीय उच्च विद्यालय बनाने, जोहला फागू स्कूल को अपग्रेड कर राजकीय माध्यमिक विद्यालय बनाने, राजगढ़ में कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खोलने, धमून हब्बन मार्ग को अपग्रेड करने और डिब्बर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here