"अप्पर जैशीधार संपर्क सड़क के निर्माण पर खर्च होंगे 3.20 करोड़", बोले विक्रमादित्य सिंह

Edited By Swati Sharma, Updated: 12 Apr, 2026 02:31 PM

3 20crore to spent on construction of upper jaishidhar link road vikramaditya

Himachal News : हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत भराड़ा में लुहरी-सुन्नी मुख्य सड़क से 3.20 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली अप्पर जैशीधार वाया...

Himachal News : हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत भराड़ा में लुहरी-सुन्नी मुख्य सड़क से 3.20 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली अप्पर जैशीधार वाया डुगानाल संपर्क सड़क का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अप्पर जैशीधार के लोगों की काफी पुरानी मांग को पूरा करते हुए लगभग तीन गांव को जोड़ने वाली इस संपर्क सड़क का निर्माण आगामी छः महीने के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।

200 करोड़ सलापड़-तत्तापानी के निर्माण पर हो रहे खर्च

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सड़कों के विस्तारीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सलापड़-तत्तापानी संपर्क सड़क पर 200 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसी तरह सुन्नी-लुहरी मुख्य सड़क को चौड़ा करने के लिए 70 करोड़ की राशि खर्च की जा रही जिसका निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। शिमला-मंडी सड़क को चौड़ा करने का कार्य भी जारी है जिस पर 1.48 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के गांव अयोग की सड़क को भी अपग्रेड करने के लिए 3.87 करोड़ रुपए की राशि तथा ड्रॉल से जैशीधार तक सड़क निर्माण पर लगभग 11 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी ताकि ड्रॉल से भराड़ा तक की दोनों मुख्य सड़कों को आपस में मिलाकर ग्रामीणों को सड़क सुविधा दी जा सके। उन्होंने कहा कि दरोगड़ा से दनोहघाटी सड़क के रुके हुए कार्य को पूरा करने के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही दोनों तरफ से निर्माण कार्य शुरू कर सड़क को पूरा किया जाएगा। इस सड़क के बनने से मत्याना व ठियोग की दूरी बहुत कम होगी।

आगली से परलोग के लिए 37 करोड़ से होगा पुल का निर्माण

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की सोच को आगे बढ़ाते हुए 25 करोड़ रुपए की लागत से पंदोआ खड्ड से एक बड़ी पेयजल योजना निर्मित की गई है जिससे इस क्षेत्र की 7 पंचायतों को पर्याप्त पेयजल सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि इस पेयजल योजना से छुटी हुई बस्तियों को भी कवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगली से परलोग के लिए एक बड़े पुल का निर्माण किया जाएगा जिस पर 37 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि जैशी तथा भराड़ा के झूला पुल निर्माण के लिए 16 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

1.14 करोड़ से बनेगा भराड़ा में नया पंचायत भवन

उन्होंने कहा कि भराड़ा पंचायत दूसरी पंचायतों के कुछ गांवों को जोड़कर बनी है इसलिए इस पंचायत का आधुनिक सुविधाओं सहित नया पंचायत भवन निर्मित किया जाएगा जिस पर 1.14 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने पंचायत क्षेत्र के लोगों से मिलकर शीघ्र स्थल का चयन करने का आग्रह किया ताकि पंचायत भवन का निर्माण प्रक्रिया आरम्भ की जा सके। उन्होंने कहा कि लुहरी-सुन्नी विद्युत निर्माणाधीन परियोजना से विस्थापित 43 परिवारों को स्थापित करने के लिए परियोजना के आसपास ही कहीं उचित स्थान पर बसाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण से हो रहे प्रदूषण को रोकने के लिए कंपनी प्रबंधन द्वारा सड़क पर किया जा रहा छिड़काव नाकाफी है इस बारे कंपनी प्रबंधन को नियमित रूप से छिड़काव के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन विद्युत परियोजना से इस क्षेत्र की चार पंचायतें प्रभावित हो रही है।

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आश्वासन दिया कि इन चारों पंचायत क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा और उन्हें परियोजना से आ रही समस्याओं के लिए वह सदैव साथ खड़े रहेंगे और क्षेत्र वासियों को उनका भरपूर सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी के माध्यम से इस क्षेत्र की सभी पेयजल एवं सिंचाई तथा पौराणिक पेयजल स्त्रोतों के संवर्धन के लिए 7.5 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में खेल मैदान के निर्माण के लिए पहले ही राशि स्वीकृत की गई है लेकिन जगह का चयन न होने के कारण सारी राशि खर्च नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के प्रतिनिधि तथा युवक मंडल के प्रतिनिधि मिलकर स्थल का चयन शीघ्र करें ताकि एक बड़े खेल मैदान का निर्माण हो सके। कैबिनेट मंत्री ने शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत भराड़ा जैश तथा आसपास की पंचायतों के लोगों की समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों के सहयोग से अधिकतर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया।


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!