Edited By Vatika, Updated: 11 Jun, 2026 09:19 AM

मुंडियां कलां इलाके में खाकी वर्दी का रौब दिखाकर गरीब रेहड़ी वालों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर फर्जी पुलिसकर्मी का
लुधियाना(राज): मुंडियां कलां इलाके में खाकी वर्दी का रौब दिखाकर गरीब रेहड़ी वालों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर फर्जी पुलिसकर्मी का भंडाफोड़ हुआ है। असली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस नकली पुलिसवाले को दबोच लिया है। जानकारी के अनुसार, थाना पुलिस की एक विशेष टीम एएसआई बलकार सिंह की अगुवाई में कानून व्यवस्था के मद्देनजर इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी को एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि इलाके में एक ठग खुद को पुलिसवाला बताकर लोगों को लूट रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित सुनील यादव फल विक्रेता ने बताया कि वह और उसके चाचा का लड़का चंद किशोर यादव 33 फुट्टा रोड पर सरकारी फ्लैटों के पास रेहड़ी लगाकर फल बेच रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके पास आया। उसने आते ही रौबदार आवाज में खुद को पुलिस मुलाजिम बताया और दोनों भाइयों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। मामले को रफा-दफा करने और थाने ले जाने का खौफ दिखाकर इस फर्जी पुलिसवाले ने शिकायतकर्ता की जेब से 2 हजार रुपए और चंद किशोर की जेब से 6 हजार रुपए की नकदी समेत उसका कीमती आईफोन 11 जबरन निकाल लिया। ठगी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि वह शिकायतकर्ता को डराकर अपने मोटरसाइकिल पर बिठाकर थाने ले जाने के बहाने साथ ले गया।
हालांकि, थोड़ी ही दूरी पर जाकर उसने युवक को रास्ते में उतार दिया और नकदी व मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गया। वारदात के बाद जब पीड़ितों ने अपने स्तर पर आस-पास के इलाके में पूछताछ और तलाश शुरू की, तो इस शातिर ठग की असल पहचान गुरजीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने मुदई के बयानों के आधार पर आरोपी गुरजीत सिंह के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे सलाखों के पीछे पहुंचाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।