Edited By Vijay, Updated: 11 Apr, 2025 05:59 PM

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। शुक्रवार को रोहतांग दर्रा, शिंकुला, बारालाचा और कुंजुम सहित लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ।
मनाली (सोनू): हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। शुक्रवार को रोहतांग दर्रा, शिंकुला, बारालाचा और कुंजुम सहित लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा हिमपात हुआ। सुबह से ही मनाली और लाहौल घाटी में बादलों ने डेरा डाल लिया, जिसके बाद हल्की बारिश और बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। इससे समूचे क्षेत्र में ठंडक का असर काफी बढ़ गया है। लाहौल की ऊंची चोटियों और घाटियों में भी हल्का हिमपात दर्ज किया गया। कोकसर, सिस्सू, गोंदला, खंगसर, दारचा, छीका, रारीक, योचे, नैनगाहर, गवाड़ी, चौखंग और मायड़ घाटी में भी बर्फ के फाहे गिरे। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा।
शिंकुला दर्रे से सुचारू रही वाहन आवाजाही
हालांकि सभी प्रमुख दर्रों में हिमपात दर्ज किया गया, लेकिन शिंकुला दर्रे से वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी रही। जांस्कार से मनाली की ओर कई वाहन शुक्रवार को सुरक्षित लौटे। दारचा चैक पोस्ट के प्रभारी मेघ सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दर्रों व आसपास के गांवों में हिमपात हुआ, लेकिन शिंकुला मार्ग पर यातायात बिना किसी अवरोध के चलता रहा।
दीपकताल में पर्यटकों ने लिया ताजा बर्फबारी का आनंद
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दीपकताल का मार्ग पर्यटकों के लिए पूरी तरह खुला रहा। शुक्रवार को 100 से अधिक पर्यटक वाहन दीपकताल पहुंचे। पर्यटकों ने वहां ताजा बर्फबारी का आनंद लिया और सुंदर प्राकृतिक दृश्यों को कैमरों में कैद किया।
बीआरओ सड़कों की बहाली में जुटा
बर्फबारी के चलते बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग दर्रे पर सड़कों पर बर्फ की परत जम गई है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) इन मार्गों को सुचारू करने में जुटा हुआ है। रोहतांग दर्रा सर्दियों में अक्सर सबसे पहले बंद हो जाने वाले दर्रों में शामिल होता है, इसलिए वहां विशेष रूप से सड़क बहाली का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here