Edited By Vijay, Updated: 03 Feb, 2026 05:51 PM

आरएलए (रजिस्ट्रिंग एंड लाइसैंसिंग अथॉरिटी) बिलासपुर में सामने आए बहुचर्चित फर्जीवाड़े के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी गौरव भारद्वाज को भूमि अभिलेख निदेशक शिमला ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बिलासपुर (बंशीधर): आरएलए (रजिस्ट्रिंग एंड लाइसैंसिंग अथॉरिटी) बिलासपुर में सामने आए बहुचर्चित फर्जीवाड़े के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी गौरव भारद्वाज को भूमि अभिलेख निदेशक शिमला ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोपी गौरव भारद्वाज एसडीएम कार्यालय झंडूता की गन लाइसैंस शाखा में तैनात था और पिछले कई दिनों से ड्यूटी से नदारद चल रहा था।
21 जनवरी से ड्यूटी से गायब था आरोपी
जानकारी के अनुसार गौरव भारद्वाज 21 जनवरी की दोपहर के बाद से बिना किसी सूचना के कार्यालय से अनुपस्थित था। इस संबंध में एसडीएम झंडूता ने आरोपी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। जब आरोपी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला और वह काम पर नहीं लौटा तो एसडीएम ने 28 जनवरी को उपायुक्त (डीसी) बिलासपुर को पत्र लिखकर इसकी सूचना दी। डीसी बिलासपुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भूमि अभिलेख निदेशक को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत करवाया। इसके बाद भूमि अभिलेख निदेशक ने केंद्रीय सिविल सेवा नियम, 1965 के नियम 10 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए गौरव भारद्वाज को निलंबित करने के आदेश जारी किए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
दिल्ली क्राइम ब्रांच की रडार पर है गौरव
गौरतलब है कि इस फर्जीवाड़े में शामिल पहले आरोपी सुभाष को 21 जनवरी को ही गिरफ्तार करने के बाद निलंबित कर दिया गया था। वहीं, दूसरा आरोपी गौरव भारद्वाज अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और दिल्ली क्राइम ब्रांच उसकी तलाश कर रही है।
जांच कमेटी 15 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट
फर्जीवाड़े की तह तक जाने के लिए प्रदेश सरकार ने एक विशेष कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी मामले की गहनता से जांच कर रही है और 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने गौरव भारद्वाज के निलंबन आदेशों की पुष्टि की है।