Edited By Vijay, Updated: 15 Jun, 2025 10:14 PM

हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन के छोटे से गांव बदेहरा के साहिल शर्मा ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर का पद हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नादौन: हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन के छोटे से गांव बदेहरा के साहिल शर्मा ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर का पद हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह गौरवपूर्ण क्षण शनिवार को हैदराबाद स्थित एअरफोर्स अकादमी में आयोजित पासिंग आऊट परेड में आया, जहां साहिल के माता-पिता संजय कुमार और नीलम इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
यह उपलब्धि शर्मा परिवार के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि साहिल अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं जो देश सेवा के लिए समर्पित हुई है। उनके दादा, नाना और पिता ने भी देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साहिल के पिता संजय कुमार भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हवलदार हैं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम में कंडक्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता नीलम एक गृहिणी हैं।
साहिल की इस असाधारण उपलब्धि से पूरे बदेहरा गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है। साहिल की सफलता उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा (आठवीं कक्षा तक) डीएवी कांगू से पूरी की। इसके बाद उन्होंने सैनिक स्कूल सुजानपुर से 12वीं तक की पढ़ाई की।
देश सेवा का जज्बा साहिल में शुरू से ही था। इसी जुनून के साथ उन्होंने पहले ही प्रयास में एनडीए (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) की परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर ली थी। अपनी इस सफलता का श्रेय साहिल ने अपने माता-पिता और उन सभी शिक्षकों को दिया है जिन्होंने उनके इस सफर में उनका मार्गदर्शन किया।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक