Edited By Jyoti M, Updated: 17 Feb, 2026 03:40 PM

हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां मैदानी और कम ऊंचाई वाले इलाकों में चटक धूप से गर्मी का अहसास बढ़ गया है, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है।
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां मैदानी और कम ऊंचाई वाले इलाकों में चटक धूप से गर्मी का अहसास बढ़ गया है, वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है।
धूप का असर और बढ़ता तापमान
पिछले कुछ दिनों से राजधानी शिमला सहित पूरे राज्य में मौसम साफ बना हुआ है। सोमवार को धूप खिलने से अधिकतम तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। इस अचानक बढ़ी गर्माहट ने फरवरी के महीने में ही लोगों को मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी का अनुभव करा दिया है।
बारिश की कमी ने बढ़ाई चिंता
इस साल विंटर सीजन में बादलों की बेरुखी साफ नजर आ रही है। आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो 22 फरवरी तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क ही रहने वाला है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
पर्यटन और यातायात की स्थिति
बुधवार (18 फरवरी) को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मनाली, सोलंगनाला और अटल टनल के आसपास बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फ का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।
करीब 24 दिनों के लंबे इंतजार के बाद अटल टनल के रास्ते हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस सेवा फिर से शुरू हो गई है। हालांकि, लाहौल-स्पीति के उदयपुर-केलांग रूट पर 'तोजिंग नाला' के पास जमी बर्फ की वजह से बस ट्रायल को बीच में ही रोकना पड़ा।
कुल मिलाकर, प्रदेश फिलहाल शुष्क मौसम की मार झेल रहा है, लेकिन बुधवार को ऊंचे पहाड़ों पर होने वाली संभावित बर्फबारी से कृषि और पर्यटन क्षेत्र को थोड़ी उम्मीदें जरूर हैं।