Edited By Swati Sharma, Updated: 14 Feb, 2026 01:01 PM

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चटख धूप खिलने के कारण दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम के इस बदलते रुख से जहां कड़ाके की ठंड से राहत मिली है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए नई चेतावनी भी...
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चटख धूप खिलने के कारण दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम के इस बदलते रुख से जहां कड़ाके की ठंड से राहत मिली है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए नई चेतावनी भी जारी की है। प्रदेश के मध्यम और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है।
मैदानी इलाकों में कोहरे का सितम
एक ओर पहाड़ों पर धूप खिल रही है, तो दूसरी ओर निचले इलाकों में धुंध की चादर बिछी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए मैदानी व निचले क्षेत्रों में 'घने कोहरे' का येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को बिलासपुर में कोहरे के कारण दृश्यता महज 40 मीटर रह गई, जिससे यातायात पर भी असर पड़ा। मंडी सहित अन्य निचले इलाकों में भी सुबह के समय धुंध दर्ज की गई।
17-18 फरवरी को हिमपात के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिन तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 16 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है। वहीं, 19 फरवरी को मौसम के एक बार फिर साफ होने का अनुमान है।
जनजातीय क्षेत्रों में अभी भी 'माइनस' में तापमान
भले ही शिमला और मनाली में पारा चढ़ा हो, लेकिन जनजातीय और उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। ताबो में न्यूनतम तापमान -8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर के अन्य हिस्सों में भी सर्द हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं।