Edited By Kuldeep, Updated: 15 Feb, 2026 11:07 PM

राज्य में खिल रही धूप के बीच में इस समूचे सप्ताह मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क बना रहेगा। हालांकि 17 व 18 फरवरी को उच्च पर्वतीय इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार अवश्य जताए गए हैं, लेकिन किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं...
शिमला (संतोष): राज्य में खिल रही धूप के बीच में इस समूचे सप्ताह मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क बना रहेगा। हालांकि 17 व 18 फरवरी को उच्च पर्वतीय इलाकों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार अवश्य जताए गए हैं, लेकिन किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 15 से 21 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। विभाग ने मंगलवार और बुधवार को ऊंचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई थी, लेकिन अब जारी अपडेट में मौसम के पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार 16 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, लेकिन इसका असर हिमाचल प्रदेश में नहीं दिखेगा।
यानी राज्य में न तो बारिश होगी और न ही बर्फबारी की संभावना है। राज्य भर में रविवार को मौसम पूरी तरह से साफ बना रहा और राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल मनाली में गुनगुनी धूप खिली है, जबकि निचले इलाकों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में उछाल आया है और ऊना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री व राजधानी शिमला में 18.1 डिग्री रिकार्ड किया गया है।
तापमान के लिहाज से देखें तो जनजातीय इलाकों में अभी भी सर्दी का असर बना हुआ है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6.3, ताबो में माइनस 6.9 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड हुआ। किन्नौर और ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में भी पारा शून्य के आसपास बना हुआ है। मध्य और निचले पहाड़ी इलाकों की बात करें तो मनाली में 2.7, सोलन में 4.3, सराहन में 4.7, सुंदरनगर में 5.7, भुंतर में 5.5, कांगड़ा में 6.5, मंडी में 7.1, पालमपुर में 7, धर्मशाला में 7.2, नाहन में 9.2, कसौली में 9.5, ऊना में 8.4, देहरा गोपीपुर में 13 और नेरी में 11.7 डिग्री सैल्सियस के साथ निचले इलाकों में हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो मंडी, कांगड़ा और सोलन से अधिक है। यही वजह है कि इन दिनों शिमला की रातें इन जिलों की तुलना में अपेक्षाकृत गर्म हो गई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1 डिग्री सैल्सियस ऊपर चल रहा है। बीते 24 घंटों में औसतन न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज की गई है। लगातार साफ मौसम के कारण दिन के तापमान में भी हल्की बढ़ौतरी हो रही है। हालांकि जनवरी के आखिरी पखवाड़े में राज्य में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हुई थी, लेकिन उसके बाद से मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना हुआ है। इस शीतकालीन मौसम में 1 जनवरी से अब तक राज्य में सामान्य से 22 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है। फिलहाल मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक किसी तरह की चेतावनी नहीं है। न तो कोल्ड वेव की स्थिति है और न ही घने कोहरे का कोई अलर्ट है।