Edited By Vijay, Updated: 28 Mar, 2026 12:19 AM

देवभूमि के विश्वविख्यात शक्तिपीठों में चैत्र नवरात्रों के दौरान आस्था, भक्ति और अटूट विश्वास का एक अनूठा संगम देखने को मिला। हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठों...
धर्मशाला (सुनील): देवभूमि के विश्वविख्यात शक्तिपीठों में चैत्र नवरात्रों के दौरान आस्था, भक्ति और अटूट विश्वास का एक अनूठा संगम देखने को मिला। हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठों श्री नयनादेवी, माता चिंतपूर्णी और श्री बज्रेश्वरी देवी में चैत्र नवरात्रों के दौरान आस्था, भक्ति और अटूट विश्वास का एक अनूठा संगम देखने को मिला। इन तीनों प्रमुख मंदिरों के ताजा आंकड़ों ने इस बार पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। नवरात्रों के दौरान कुल 6.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी भरी और माता के चरणों में 2,48,23,482 (2.48 करोड़) की नकद राशि अर्पित की। मंदिर न्यासों द्वारा जारी ताजा आंकड़ों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बार न केवल भक्तों की संख्या ने रिकॉर्ड तोड़ा है, बल्कि चढ़ावे में भी पिछले वर्षों के मुकाबले भारी बढ़ौतरी दर्ज की गई है। गौरतलब है कि अभी केवल इन 3 प्रमुख मंदिरों के आधिकारिक आंकड़े सामने आए हैं, जबकि विश्वविख्यात शक्तिपीठ ज्वालाजी और माता चामुंडा देवी सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे की गणना अभी जारी है।
श्री नयनादेवी मंदिर, चढ़ावे में 20 प्रतिशत का उछाल
बिलासपुर स्थित विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर में इस बार श्रद्धा का विशेष उत्साह देखा गया। मंदिर न्यास के अकाऊंट ऑफिसर मनीष सरीन द्वारा सांझा की गई जानकारी के अनुसार अष्टमी तिथि तक लगभग 5 लाख श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी भरी। श्रद्धालुओं की भारी संख्या का असर मंदिर की आय पर भी दिखा, जहां कुल 1,25,35,848 (1.25 करोड़) रुपए का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दान राशि में 20 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
माता चिंतपूर्णी मंदिर में विदेशी मुद्रा की वर्षा
ऊना जिले के माता चिंतपूर्णी मंदिर में 19 से 26 मार्च के बीच भक्तों ने माता के चरणों में 80,58,027 रुपए का नकद चढ़ावा अर्पित किया। वित्त एवं लेखा अधिकारी के अनुसार मेले के अंतिम यानी 9वें दिन का चढ़ावा अभी इस आंकड़े में शामिल नहीं है, जिसकी आधिकारिक गणना शनिवार को की जाएगी। खास बात यह रही कि यहां भारतीय मुद्रा के साथ-साथ विदेशी श्रद्धालुओं ने भी अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट की। दान पात्रों से इंगलैंड के 650 पौंड, कनाडा के 840 डॉलर, अमेरिका के 279 डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के 130 डॉलर और संयुक्त अरब अमीरात के 100 दिरहम सहित यूरो और मलेशियाई रिंगित जैसी मुद्राएं भी प्राप्त हुई हैं।
श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में 97 हजार भक्तों ने टेका माथा
कांगड़ा स्थित माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में भी नवरात्रों के दौरान रौनक रही। यहां कुल 97 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए और अपनी सामर्थ्य अनुसार दान पुण्य किया। मंदिर प्रशासन के अनुसार चैत्र नवरात्रों के दौरान कुल 42,29,607 रुपए का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं ने सोना और चांदी भी माता को अर्पित किया है, जिसका रिकॉर्ड मंदिर रजिस्टर में दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें