चैत्र नवरात्रों में मां ज्वाला के दरबार नतमस्तक हुए 3.5 लाख श्रद्धालु, ₹99.77 लाख का चढ़ा चढ़ावा; विदेशी मुद्रा भी अर्पित

Edited By Vijay, Updated: 01 Apr, 2026 06:11 PM

jawalamukhi temple

विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में चैत्र नवरात्रों के दौरान आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब देखने को मिला। 10 दिनों तक चले इन नवरात्रों में देश-विदेश से लगभग 3 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दरबार में हाजिरी भरी।

ज्वालामुखी (पंकज): विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में चैत्र नवरात्रों के दौरान आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब देखने को मिला। 10 दिनों तक चले इन नवरात्रों में देश-विदेश से लगभग 3 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला के दरबार में हाजिरी भरी। भारी भीड़ के बावजूद बेहतरीन व्यवस्थाओं के बीच भक्तों ने शांतिपूर्ण ढंग से माता के दर्शन किए। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ-साथ माता के चढ़ावे में भी भारी उछाल दर्ज किया गया है।

चढ़ावे में 10 लाख का इजाफा
मंदिर प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष नवरात्रों के दौरान कुल 99 लाख 77 हजार 209 रुपए का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। यह राशि पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 लाख रुपए अधिक है, जिसे मंदिर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके साथ ही, विदेशी श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था का प्रमाण भी खजाने में मिला है। नकद राशि के अलावा चढ़ावे में कनाडा से 135 डॉलर, इंग्लैंड से 75 पाऊंड, अमेरिका से 6 डॉलर और यूएई से 45 दिरहम भी माता के चरणों में अर्पित किए गए हैं।

चाक-चौबंद रहीं व्यवस्थाएं, श्रद्धालुओं को मिलीं बेहतरीन सुविधाएं
लाखों की भीड़ के बावजूद स्थानीय स्तर पर मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना हो रही है। बाहर से आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन ने नि:शुल्क लंगर, धर्मार्थ औषधालय (डिस्पैंसरी), स्वच्छ शौचालय और स्नानागार की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की थी। लंगर भवन में एलपीजी गैस की भी पूर्ण व्यवस्था रखी गई थी, जिससे पूरे नवरात्र में लंगर सेवा बिना किसी परेशानी और रुकावट के सुचारू रूप से चलती रही।

मंदिर अधिकारी बोले-चिंतपूर्णी का अनुभव आया काम
मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने सफल आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद श्रद्धालुओं को हरसंभव सुविधा देने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि माता चिंतपूर्णी मंदिर में कार्य करने का उनका पूर्व अनुभव ज्वालामुखी में व्यवस्थाएं संभालने में काफी उपयोगी साबित हुआ। माता के आशीर्वाद और सभी विभागों के बेहतरीन टीमवर्क व समन्वय का ही परिणाम रहा कि लाखों की भीड़ के बावजूद दर्शन प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के जारी रही और कोई भी अप्रिय घटना नहीं घटी। वहीं, ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी एवं न्यास सदस्य अविनेंदर शर्मा और जितेश शर्मा ने बताया कि देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने अत्यंत गहरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मां के दर्शन किए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भक्तों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही, मंदिर प्रशासन ने सभी सहयोगी विभागों और श्रद्धालुओं का शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आभार जताते हुए, भविष्य में भक्तों को और भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!