Edited By Vijay, Updated: 17 Jul, 2025 03:03 PM

धर्मशाला से एक अहम प्रशासनिक फेरबदल की खबर सामने आई है। जिला कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) शालिनी अग्निहोत्री को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धर्मशाला (जिनेश): धर्मशाला से एक अहम प्रशासनिक फेरबदल की खबर सामने आई है। जिला कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) शालिनी अग्निहोत्री को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में उप सचिव (डिप्टी सैक्रेटरी) के पद पर तैनात किया गया है। यह नियुक्ति केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति योजना के तहत की गई है, जिसमें वे अगले चार वर्षों तक सेवा देंगी।
राज्यपाल की स्वीकृति के बाद इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश के अनुसार शालिनी अग्निहोत्री को तत्काल प्रभाव से जिला कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। अब वे केंद्र सरकार के अधीन अपनी नई भूमिका में कार्यभार ग्रहण करेंगी और इस संबंध में राज्य सरकार को भी सूचित करेंगी।
2012 बैच की आईपीएस अधिकारी शालिनी अग्निहोत्री प्रदेश में एक सख्त लेकिन संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध पर अंकुश लगाने और पुलिसिंग में पारदर्शिता लाने के कई प्रयास किए। उनकी कार्यशैली को आम जनता के बीच खूब सराहना मिली है। उनकी यह नई भूमिका न केवल उनके करियर के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, बल्कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी यह गर्व की बात है कि राज्य की एक महिला अधिकारी को केंद्र सरकार में इतनी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अशोक रतन को सौंपी एसपी कांगड़ा की अतिरिक्त जिम्मेदारी
शालिनी अग्निहोत्री के स्थान पर अब आईपीएस अधिकारी अशोक रतन को जिला कांगड़ा के एसपी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वर्तमान में वे नूरपुर पुलिस जिला में एसपी के पद पर तैनात हैं। सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक जैसे ही शालिनी अग्निहोत्री कांगड़ा एसपी का कार्यभार छोड़ेंगी, उसी दिन से अशोक रतन को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालनी होगी। यह व्यवस्था अगली सूचना तक प्रभावी रहेगी।