Edited By Jyoti M, Updated: 25 Mar, 2025 12:55 PM

पंजाब में एचआरटीसी की बस सेवा फिलहाल 20 रूटों पर बंद कर दी गई है। यह निर्णय हाल ही में पंजाब में एचआरटीसी बसों पर खालिस्तान और भिंडरांवाले के पोस्टर लगाए जाने और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद लिया गया है। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश...
हिमाचल डेस्क। पंजाब में एचआरटीसी की बस सेवा फिलहाल 20 रूटों पर बंद कर दी गई है। यह निर्णय हाल ही में पंजाब में एचआरटीसी बसों पर खालिस्तान और भिंडरांवाले के पोस्टर लगाए जाने और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद लिया गया है। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एचआरटीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, इन रूटों पर बसें नहीं चलेंगी।
सोमवार को मुकेश अग्निहोत्री ने निगम के प्रबंध निदेशक और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की और ताजा घटनाक्रम की समीक्षा की। एचआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि पंजाब में बसों पर हुए हमले और पोस्टर लगाने की घटनाओं को देखते हुए, प्रदेश सरकार के आदेश पर पंजाब के 20 रूटों पर बस सेवा रोक दी गई है। ये वे रूट हैं, जहां बसें रात में रुकने के लिए ठहरती हैं।
पंजाब में स्थिति को लेकर राज्य पुलिस के अधिकारियों से भी बातचीत की गई है। डीजीपी अतुल वर्मा ने पंजाब के डीजीपी से संपर्क किया और निगम की बसों को सुरक्षा देने की मांग की है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री से चर्चा की है। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि फिलहाल पंजाब के 20 रूटों पर बस सेवा बंद रहेगी, लेकिन पंजाब रोडवेज की बसें सामान्य रूप से चल रही हैं।
प्रदेश पथ परिवहन निगम चालक संघ ने पंजाब में किसी भी चालक, परिचालक या यात्री के साथ बदसलूकी होने पर कड़ा विरोध जताया है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी कर्मचारी या यात्री को नुकसान पहुंचा, तो वे पंजाब के सभी 600 रूटों को बंद कर देंगे। उन्होंने बताया कि हाल ही में पथ परिवहन निगम की बसों में तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं और भिंडरांवाले के समर्थकों ने पोस्टर भी लगाए थे। इस घटना से संघ बेहद नाराज है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संघ ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की है कि भिंडरांवाले के समर्थकों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाए। मान सिंह ठाकुर ने कहा कि पंजाब और हिमाचल प्रदेश का भाईचारा बहुत पुराना है और इस प्रकार की घटनाओं से इसे नुकसान पहुंच रहा है।