Himachal: सड़क धंसने से खाई के मुहाने पर लटकी बस, यात्रियों की अटकी सांसें; जानें कैसे टला बड़ा हादसा

Edited By Vijay, Updated: 01 Feb, 2026 04:23 PM

hrtc bus

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में उस समय बड़ा हादसा हाेने से टल गया, जब एचआरटीसी की एक बस गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर सरेला के पास अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे बस गहरी खाई की ओर झुक गई।

चम्बा/तीसा (सुभानदीन): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में उस समय बड़ा हादसा हाेने से टल गया, जब एचआरटीसी की एक बस गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर सरेला के पास अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे बस गहरी खाई की ओर झुक गई। गनीमत रही कि चालक ने गजब की तत्परता दिखाते हुए बस को वहीं रोक लिया, वरना एक बड़ी मानवीय त्रासदी हो सकती थी। 

सनवाल से पठानकोट के लिए जा रही थी बस
प्राप्त जानकारी के मुताबिक एचआरटीसी की यह बस सुबह 5 बजे सनवाल से पठानकोट के लिए रवाना हुई थी। करीब सुबह 7 बजे जब बस सरेला के पास पहुंची तो अचानक सड़क का एक हिस्सा नीचे बैठ गया। इसके चलते बस का पिछला टायर धंसी हुई जमीन में फंस गया। बस में उस वक्त करीब 15 यात्री सवार थे। अचानक लगे झटके और बस के झुकते ही यात्रियों की सांसें अटक गईं, लेकिन चालक ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाकर बस को स्थिर कर दिया।

ट्रैक्टर की मदद से निकाली बस, सवा घंटे थमा रहा ट्रैफिक
हादसे के तुरंत बाद चालक ने सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा। बस के सड़क के बीचोंबीच फंस जाने के कारण चम्बा-तीसा मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब सवा घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप्प रहा। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एक ट्रैक्टर मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर से खींचकर बस को मलबे से बाहर निकाला गया, जिसके बाद ही यातायात बहाल हो सका।

...तो सीधे खाई में समा सकती थी बस
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सड़क के नीचे करीब 150 फुट गहरी खाई है। यदि बस कुछ इंच और फिसलती, तो सीधे खाई में समा सकती थी। लोगों का कहना है कि सरेला नामक यह स्थान बरसात और बर्फबारी में बेहद खतरनाक हो जाता है और यहां अक्सर भूस्खलन का खतरा बना रहता है।

अधिकारियों ने वाहन चालकों से की ये अपील
लोक निर्माण विभाग तीसा के अधिशासी अभियंता (अतिरिक्त प्रभार) जोगिंद्र शर्मा ने कहा कि विभाग जल्द ही इस स्थान को सुरक्षित बनाने का कार्य शुरू करेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो जाती, वे इस मार्ग पर वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता बरतें। वहीं, खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने भी चालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!