Edited By Vijay, Updated: 17 Jun, 2023 09:04 PM

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि जब पूर्व मुख्यमंत्री को किसी मृतक के घर शोक प्रकट करने से रोका गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा पहली बार हुआ है कि ऐसी असंवेदनशील और...
शिमला (ब्यूरो): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि जब पूर्व मुख्यमंत्री को किसी मृतक के घर शोक प्रकट करने से रोका गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा पहली बार हुआ है कि ऐसी असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदार सरकार प्रदेश में पहली बार आई है। जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि घटना के 11 दिन बीत जाने के बावजूद सरकारी प्रतिनिधि का मृतक के घर नहीं पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार बताए कि मृतक मनोहर के परिवार से मिलने से प्रदेश को किस प्रकार का खतरा था।
एनआईए जांच के लिए विपक्ष के लिखकर देने का क्या औचित्य?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार कुछ अहम चीजें छिपाना चाह रही है, जिस कारण उनको मिलने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि एनआईए जांच के लिए विपक्ष के लिखकर देने का क्या औचित्य है? उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह बचकाना बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जब मामले की एनआईए से जांच करवाने की मांग की है तो उसमें लिखकर कहने की क्या बात है।
हमें बलपूर्वक जाने से रोका गया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हमें बलपूर्वक रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उनको वहां नहीं पहुंचने दिया जाए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को किसी के घर शोक प्रकट करने से रोकना तानाशाहीपूर्ण परम्परा को बढ़ावा देने जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 2-2 मंत्री चम्बा गए, लेकिन किसी ने पीड़ित के घर जाना उचित नहीं समझा।
जेहादी मानसिकता का परिणाम चम्बा हत्याकांड : भारद्वाज
पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में आरोप लगाया कि चम्बा के भांदल गांव में हुआ हत्याकांड जेहादी मानसिकता का परिणाम है। इसी प्रकार की अराजकता नारकंडा में किए जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह का बयान जिम्मेदार है, जिसमें वह 95 फीसदी हिंदुओं वाले राज्य में कांग्रेस सरकार बनने की बात कह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कुछ जेहादी मानसिकता के लोग रहते हैं, जिनके पक्ष में मुख्यमंत्री बयान दे रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here