Edited By Vijay, Updated: 19 Aug, 2023 10:05 PM

दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने हिमाचली सांसदों को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई दी है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने यह टिप्पणी भाजपा सांसदों को लेकर की है।
प्रतिभा सिंह ने अपना दायित्व बखूबी...
शिमला (कुलदीप): दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने हिमाचली सांसदों को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई दी है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने यह टिप्पणी भाजपा सांसदों को लेकर की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर आई इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा के बीच भाजपा सांसदों ने क्यों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर मदद नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि आपदा के बीच सांसद प्रतिभा सिंह ने अपने दायित्व को बखूबी निभाया जबकि भाजपा सांसदों ने संसद में भी मामले को नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दौरे पर आई केंद्रीय टीम ने केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट दे दी होगी, ऐसे में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विशेष राहत पैकेज की उम्मीद है।
जयराम ठाकुर बताएं कौन-सा विभाग देता है बादल फटने की जानकारी
सीएम ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर आपदा के समय राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष यह बताएं कि कौन-सा ऐसा विभाग है, जो बादल फटने की जानकारी देता है। उन्होंने कहा कि वह आपदा के समय किसी तरह की राजनीति नहीं करना चाहते, लेकिन विपक्ष को विधानसभा सत्र में जवाब जरूर देंगे। उन्होंने कहा कि किसान-बागवानों की फसलों व सेब को मंडियों तक पहुंचाना सरकार का दायित्व है।
आपदा में उजड़े लोगों को बसाना सरकार का दायित्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय उजड़े प्रदेश के लोगों को बसाना राज्य सरकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया है। ऐसे में प्रदेश के लोगों के अलावा दूसरे राज्य भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने आपदा के समय राजस्थान सरकार की तरफ से 15 करोड़ रुपए और छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 11 करोड़ रुपए देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपदा में प्रदेश को करीब 10 हजार करोड़ रुपए का नुक्सान है तथा व्यवस्था को पटरी पर लाने में 1 वर्ष लग जाएगा।
रिज मैदान ठीक, तेज गति से होगा काम
सीएम ने कहा कि शिमला का रिज मैदान अभी ठीक है। ऐसे में यदि वर्षा रुक जाती है तो इसका कार्य तेज गति के साथ किया जाएगा।
बीबीएमबी के पानी छोड़ने से कांगड़ा में मची तबाही
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबीएमबी की तरफ से पानी छोड़ने से कांगड़ा बैल्ट में तबाही मची। इससे सबसे अधिक नुक्सान फतेहपुर और इंदौरा विधानसभा क्षेत्र को हुआ। साथ ही इससे पंजाब से सटे इलाकों में भी नुक्सान हुआ है।
जेपी नड्डा से हुई सीएम की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बात हुई है, जो रविवार को प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। ऐसे में उनका (सीएम) रविवार को क्या कार्यक्रम बनता है, वह बाद में तय होगा।
मुख्यमंत्री सोमवार को लेंगे विभागीय बैठकें
मुख्यमंत्री आने वाले दिनों में सोमवार को विभागीय बैठकें करेंगे। इस दौरान विभागीय कामकाज और उनकी तरफ से चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री जनता को गुमराह करना बंद करें : सिकंदर
उधर, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डाॅ. सिकंदर कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जनता को गुमराह करना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी सांसद केंद्रीय मंत्रियों से लगातार मिलकर आपदा से हुए नुक्सान को लेकर पक्ष रख रहे हैं। सभी सांसदों ने लोकसभा और राज्यसभा में भी इस मुद्दे को उठाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए क्या किया है? उन्होंने स्वयं गत 26 जुलाई को राज्यसभा में इससे संबंधित प्रश्न पूछा था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से आपदा के समय 490 करोड़ रुपए व पीएमजीएसवाई के तहत 2600 करोड़ रुपए जारी हुए हैं।
हिमाचल को केंद्र सरकार राहत पैकेज जारी करे : टिकैत
किसान नेता राकेश टिकैत ने अपना वीडियो संदेश जारी करके केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को राहत पैकेज जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश हरियाली, जंगल एवं नदियों के कारण आकर्षक है, जिससे यहां बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय किसान-बागवानों को भी भारी नुक्सान हुआ है, जिसकी भरपाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन ने राज्य की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है तथा वह आपदा के समय हरसंभव मदद करेंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here