Edited By Vijay, Updated: 06 Jul, 2023 10:34 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने वीरवार को 12.30 करोड़ रुपए की लागत से बने मिनी सचिवालय का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश के हितों को सही मंच पर उठाया जा रहा है। प्रदेश हित के लिए भाजपा को भी सरकार का साथ देना चाहिए,...
नादौन में 12.30 करोड़ रुपए की लागत से बना मिनी सचिवालय किया लोकार्पित
नादौन (जैन): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने वीरवार को 12.30 करोड़ रुपए की लागत से बने मिनी सचिवालय का शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश के हितों को सही मंच पर उठाया जा रहा है। प्रदेश हित के लिए भाजपा को भी सरकार का साथ देना चाहिए, क्योंकि यह प्रदेश के हितों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में भी प्रदेश की प्रशासनिक हिस्सेदारी है जिसे लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री से भी बात की गई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने प्रदेश के हितों को उठाने के लिए वर्तमान सरकार की सराहना की थी, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बयान का जवाब देते हुए कहा कि हम प्रदेश के हितों को सही मंचों पर उठा रहे हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को मेडिकल कॉलेज बारे झूठ नहीं बोलना चाहिए। इसकी स्वीकृति मैंने 3 मार्च, 2014 को उस समय करवाई थी जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और गुलाम नबी आजाद स्वास्थ्य मंत्री थे। इसके लिए मैंने 189 करोड़ रुपए भी स्वीकृत करवाए थे। स्वीकृति के बाद जब में तत्कालीन सीएम वीरभद्र सिंह के पास गया तो उन्होंने मुझे मुबारक दी कि आपने अपने दम पर स्वीकृत करवाया। मैडीकल कॉलेज मेरे द्वारा स्वीकृत करवाया गया है। इस मेडिकल कॉलेज को पूरा करने के लिए मैंने पहले 80 करोड़ और बीते रोज 70 करोड़ और दिया।

वर्तमान सरकार आम लोगों की जन हितैषी
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सुखविंदर सिंह ने कहा कि गत भाजपा सरकार ने 5 वर्ष तक ऐश-परस्ती की है जबकि वर्तमान सरकार आम लोगों की जन हितैषी सरकार है। सुक्खू ने कहा कि गत भाजपा सरकार ने 5 वर्ष मौज-मस्ती में ही निकाल दिए, जबकि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही जन हितैषी कई निर्णय लेकर लोगों को राहत दी है। सरकार ने शराब के ठेकों की नीलामी करवा कर 1400 करोड़ रुपए की आय की व्यवस्था की है। पानी पर जो सैस लगाया गया है उसका बोझ जनता पर नहीं पड़ेगा, वहीं शानन प्रोजैक्ट से भी प्रदेश की आय का स्त्रोत बढ़ेगा। सीएम ने कहा कि गत भाजपा सरकार के समय आयोजित जन मंचों में अधिकारियों को लताड़ा जाता था परंतु मेरी सरकार व्यवस्था परिवर्तन करके लोगों के कार्य कर रही है।
भाजपा ने आधे-अधूरे मिनी सचिवालय का किया था उद्घाटन
सुखविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के समय चुनाव नजदीक आते ही जल्दबाजी में बिना सोचे-समझे निर्णय करके लोगों को ठगने का प्रयास किया गया परंतु प्रदेश के लोग इस बात को समझते हैं इसलिए उन्होंने इन चुनावों में कांग्रेस पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने तो चुनावों के वक्त मिनी सचिवालय नादौन का उद्घाटन फीता काटकर कर दिया था। वे आए भी नहीं थे ऑनलाइन ही उद्घाटन कर दिया था। उस समय न तो इसमें शौचालय बने थे और न ही बाथरूम, पेंट व फिनिशिंग का कार्य भी नहीं हुआ था। इसे पूरा करने में हमें भी 6 महीने लग गए जिसका वीरवार को शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि 6.54 करोड़ की लागत से नवनिर्मित मिनी सचिवालय का नींव पत्थर मेरे समय में रखा था। करीब 12.30 करोड़ स्वीकृत किए थे। अब एक छत के नीचे सभी प्रमुख कार्यालय होंगे जिससे लोगों को काफी सुविधा रहेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here