Edited By Vijay, Updated: 17 Nov, 2022 10:48 PM

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि कांग्रेस के जो नेता ज्यादा शोर कर रहे हैं, वे चुनाव हार रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह चुनाव परिणाम आने से पहले कांग्रेस नेताओं पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते क्योंकि 8 दिसम्बर को परिणाम सबके सामने आ जाएंगे।
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि कांग्रेस के जो नेता ज्यादा शोर कर रहे हैं, वे चुनाव हार रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह चुनाव परिणाम आने से पहले कांग्रेस नेताओं पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते क्योंकि 8 दिसम्बर को परिणाम सबके सामने आ जाएंगे। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि चुनाव परिणाम से पहले डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। भाजपा जनमत को स्वीकार करेगी। उन्होंने कहा कि सभी सर्वेक्षणों में भाजपा द्वारा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा किया गया है।
छात्राओं को साइकिल व स्कूटी देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अपने चुनावी वायदे के अनुसार स्कूली छात्राओं को साइकिल व उच्च शिक्षा प्राप्त छात्राओं को स्कूटी देगी। इसके अलावा भाजपा की तरफ से महिलाओं को लेकर किए गए सभी 11 संकल्प पूरे किए जाएंगे।
20 को भाजपा की महारैली में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 20 नवम्बर को दिल्ली में भाजपा की महारैली में शामिल होंगे। दिल्ली में होने वाली भाजपा की महारैली में भाजपा शासित राज्यों के 14 मुख्यमंत्री व कई केंद्रीय मंत्री भाग लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री दिल्ली नगर निगम के लिए चुनाव प्रचार भी करेंगे।
कुछ अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे तो कई आएंगे
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के 2 आईएएस अधिकारी सुभाशीष पांडा व रजनीश अतिरिक्त सचिव के पद पर इम्पैनल हुए हैं। ऐसे में ये दोनों दिल्ली जा रहे हैं तथा कई आईएएस अधिकारी वापस भी आएंगे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here