Edited By Vijay, Updated: 20 Sep, 2023 11:51 PM

सीटू व किसान सभा ने प्रदेश में हुई तबाही से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने के लिए सरकार के खिलाफ बुधवार को गांधी चौक हमीरपुर में प्रदर्शन किया। सीटू के राष्ट्रीय सचिव डाॅ. कश्मीर सिंह ठाकुर, जोगिंदर कुमार, प्रताप सिंह राणा, रंजन शर्मा...
हमीरपुर (ब्यूरो): सीटू व किसान सभा ने प्रदेश में हुई तबाही से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने के लिए सरकार के खिलाफ बुधवार को गांधी चौक हमीरपुर में प्रदर्शन किया। सीटू के राष्ट्रीय सचिव डाॅ. कश्मीर सिंह ठाकुर, जोगिंदर कुमार, प्रताप सिंह राणा, रंजन शर्मा व सुरेश राठौर आदि ने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष पिछले 100 वर्षों में सबसे भयंकर आपदा आई है, जिसके चलते प्रदेश में लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। करीब 30 हजार करोड़ की संपत्तियों का नुक्सान हुआ है। 400 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। हजारों लोग बेघर होकर तंबुओं में रहने को मजबूर हैं। 16000 से ज्यादा पशु मर गए हैं एवं 2500 घर खत्म हो गए हैं। 12000 घरों को आंशिक क्षति पहुंची है, मगर इतनी भीषण त्रासदी के बावजूद केंद्र सरकार हिमाचल में आई इस भीषण आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं कर रही है।
केंद्र सरकार जानबूझकर राजनीतिक द्वेष के लिए हिमाचल के लोगों की मदद नहीं कर रही है और इस भयंकर आपदा को जानबूझकर राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं कर रही है। उन्होंने चिंता जताई कि अभी तक प्रदेश की मौजूदा सरकार भी लोगों को कोई विशेष राहत नहीं दे रही है। प्रदेश जब इतनी भयंकर आपदा को झेल रहा है, ऐसे समय में प्रदेश सरकार ने श्रमिक कल्याण बोर्ड से मजदूरों को मिलने वाले लाभ भी रोक दिए गए हैं। प्रदेश में मनरेगा में काम मुश्किल से ही मिल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि न्यूनतम मदद जो गरीब मजदूर श्रमिक कल्याण बोर्ड से हासिल कर लेते थे, उस पर भी कांग्रेस सरकार ने अघोषित प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे समय में जब पूरा प्रदेश भीषण प्राकृतिक आपदा को झेल रहा है। जिन लोगों के घर परिवार उजड़ गए हैं, वे अपने लिए दो वक्त की रोटी जुटाने के लिए भी मोहताज हो गए हैं। उन्होंने मांग की है कि प्रदेश की इस प्राकृतिक आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए। इससे पहले आपदा प्रभावित परिवारों का मांग पत्र जिलाधीश हमीरपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री को प्रेषित किया गया। प्रदर्शन में प्रवीण कुमार, नवीन कुमार, स्वामी, रसीला राम, रेखा, सोनू, सुषमा, कमल, मिलाप व अमर सिंह आदि शामिल हुए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here