Edited By Kuldeep, Updated: 23 Feb, 2025 04:16 PM

चम्बा में मत्स्य पालन विभाग ने रावी नदी समेत अन्य खड्डों व जलधाराओं में बिना लाइसैंस के मछली पकड़ने पर शिकंजा कसा है।
चम्बा (रणवीर): चम्बा में मत्स्य पालन विभाग ने रावी नदी समेत अन्य खड्डों व जलधाराओं में बिना लाइसैंस के मछली पकड़ने पर शिकंजा कसा है। चम्बा में विभागीय टीम ने लगभग 26 मछुआरों के चालान करके उनसे 25,200 रुपए जुर्माना वसूला है। विभाग ने चेतावनी भी दी है कि अगर प्रतिबंधित सीजन के दौरान दोबारा मछली पकड़ने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसैंस कोई भी व्यक्ति खड्ड या नदी-नालों में मछलियों का शिकार नहीं कर सकता। धरपकड़ अभियान के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। यदि कोई मछलियों का शिकार करता हुआ पाया गया तो उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों को खड्डों व नालों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश मिलने के उपरांत कर्मचारी खड्डों व नालों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। यदि कोई मछलियों का अवैध शिकार करता हुआ पकड़ा गया तो जुर्माने का प्रावधान रखा गया है।
बता दें कि मत्स्य पालन विभाग ने मछलियों का शिकार करने के लिए लाइसैंस जारी किए हैं। जिन लोगों को लाइसैंस जारी किए गए हैं, केवल वे लोग ही सीजन के दौरान मछलियों का शिकार कर सकते हैं। अक्सर देखा गया है कि लोग खड्डों व नालों में अवैध तरीके से मछलियों का शिकार करने के लिए उतर जाते हैं। कई बार कांटा या जाल डालकर मछलियों का शिकार कर लिया जाता है। हालांकि इस तरह का कार्य पूरी तरह अवैध होता है। पहले भी विभाग की तरफ से मछलियों का अवैध शिकार करने पर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
मछली पालन विभाग के उपनिदेशक जय सिंह ने बताया कि अवैध तरीके से मछलियों का शिकार नहीं किया जा सकता। मछलियां पकड़ने के लिए लोगों को लाइसैंस जारी किए गए हैं। विभागीय कर्मचारियों ने खड्ड व नालों का नियमित निरीक्षण करके 26 चालान किए हैं, जिनसे 25,200 रुपए जुर्माना वसूला गया है। आगामी समय में भी नियमित तौर पर खड्ड व नालों का निरीक्षण किया जाएगा।