Edited By Vijay, Updated: 22 Feb, 2025 11:21 AM

309 दिन पहले भवारना पुलिस थाना के अंतर्गत बल्लाह गांव में एक महिला की हत्या हुई थी। यह ब्लाइंड मर्डर केस पुलिस के लिए भी एक चुनौती बन चुका है।
पालमपुर (भृगु): 309 दिन पहले भवारना पुलिस थाना के अंतर्गत बल्लाह गांव में एक महिला की हत्या हुई थी। यह ब्लाइंड मर्डर केस पुलिस के लिए भी एक चुनौती बन चुका है। जानकारी के अनुसार पुलिस अब कुछ संदिग्धों के लाई डिटैक्टर टैस्ट करवाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस हेतु न्यायालय से अनुमति मांगी गई है।
इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाने के लिए डीएनए तथा कैमिकल एनालिसिस के आधार पर पुलिस आगे बढ़ने का दावा कर रही है, ऐसे में अब तक दर्जनों लोगों के डीएनए की जांच पुलिस करवा चुकी है। पुलिस ने इस प्रकरण की गुत्थी सुलझाने के लिए स्पैशल इन्वैस्टीगेशन टीम का गठन किया है। पुलिस ने कई लोगों से अब तक पूछताछ की है तथा एक व्यक्ति को पुलिस ने इस प्रकरण में गिरफ्तार भी किया था परंतु कुछ ही दिनों बाद उसे न्यायालय ने डिस्चार्ज कर दिया था।
पुलिस ने 3 महीने की अवधि में विक्टिम का प्रोफाइल तैयार किया है इसमें उसके संपर्क में आने वाले लोगों उसके आने-जाने के स्थान तथा परिवार के सदस्यों के बारे में पूरी जानकारी ली गई है ताकि इस हत्याकांड के पीछे जिन लोगों का हाथ है उन तक पहुंच बनाई जा सके।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने अभी तक दर्जनों लोगों का डीएनए सैंपल लेकर उसका विश्लेषण करवाया है, वहीं कई और लोगों की सूची तैयार की गई है जिनका कैमिकल एनालिसिस तथा डीएनए प्रोफाइलिंग करवाई जाएगी, वहीं आवश्यकता पड़ने पर पुलिस ब्रेन मैपिंग तथा लाई डिटैक्टर टैस्ट भी करवा सकती है। पुलिस द्वारा 10 बार स्पॉट विजिट कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया है। इस दौरान फोरैंसिक विशेषज्ञ, जिला पुलिस प्रमुख, विभिन्न विशेषज्ञ ने स्पॉट विकसित कर तथा सीन री-क्रिएट कर लीड प्राप्त करने का प्रयास किया है।
गला रेत कर की गई थी महिला की हत्या
18 अप्रैल, 2024 को देर सायं कुसुम देवी का गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। उसका शव जंगल में पड़ा पाया गया था। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से एक पेपर कटर भी बरामद किया था। इस ब्लाइंड मर्डर केस को लेकर पुलिस ने एक व्यक्ति को शक के आधार पर 27 जून, 2024 को गिरफ्तार किया था, परंतु इसकी संलिप्तता न पाए जाने पर उसे न्यायालय ने डिस्चार्ज कर दिया था। पुलिस जांच में सामने आया था कि वारदात के दिन 3 लोग स्कूटी पर उक्त क्षेत्र में थे जिनमें से एक उक्त व्यक्ति भी था, परंतु मामले में उसकी संलिप्तता नहीं पाई गई।
12 में से 11 मामले सुलझाए
वर्ष 2024 में कांगड़ा जिले में हत्या के 12 मामले सामने आए थे, जिनमें बल्लाह में महिला का ब्लाइंड मर्डर केस भी शामिल है। इन 12 हत्या के मामलों में से 11 मामलों की जांच पूरी कर ली गई है। यद्यपि बल्लाह में महिला का ब्लाइंड मर्डर केस अभी अनसुलझा ही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here