Edited By Vijay, Updated: 11 Apr, 2026 04:21 PM

हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय ड्रग नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। कुमारसैन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नारकंडा में पुलिस ने एक इनोवा गाड़ी से 9.28 किलोग्राम अफीम और...
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय ड्रग नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। कुमारसैन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नारकंडा में पुलिस ने एक इनोवा गाड़ी से 9.28 किलोग्राम अफीम और 12 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। इस मामले में नेपाल मूल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रामपुर की डिटैक्शन सेल टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाली नागरिकों का एक गुट भारी मात्रा में नशे की खेप लेकर शिमला की तरफ आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए नारकंडा में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक संदिग्ध इनोवा गाड़ी को रोका गया। जब स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम भी दंग रह गई। गाड़ी के अंदर से 9.28 किलो अफीम और 12 लाख रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत नशे और कैश को कब्जे में लिया तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान एन. बहादुर उर्फ राजू (41) निवासी गांव घरती, जाजरकोट (नेपाल), चक्रा बहादुर (25) निवासी गांव नलगार, जाजरकोट (नेपाल) और मोहन साही (44) निवासी गांव दांग, भरतपुर (नेपाल) के रूप में की गई है।
तस्करी के बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस : एसएसपी
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने इस बड़ी कामयाबी पर बताया कि पुलिस इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इस पूरे रैकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें