Bilaspur: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों से ठगी, गूगल-पे से खाते में डलवाए पैसे, पुलिस हिरासत में शातिर आरोपी

Edited By Vijay, Updated: 11 Mar, 2026 11:49 PM

two youths duped in the name of providing government job

बिलासपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को ठगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घवांडल के बाद अब दगड़ाहन में भी 2 बेरोजगार युवकों से ठगी का मामला सामने आया है।

बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को ठगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घवांडल के बाद अब दगड़ाहन में भी 2 बेरोजगार युवकों से ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गूगल-पे से खाते में डलवाए 50-50 हजार रुपए
पुलिस को दी गई शिकायत में अनूप कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी दगड़ाहन, डाकघर जगातखाना, तहसील श्रीनयनादेवी जी ने बताया कि आरोपी राकेश कुमार पुत्र धीरजु राम निवासी वार्ड नंबर-2, नगर पंचायत चौपाल, जिला शिमला ने उनके भाई राममूर्ति और एक अन्य युवक गौरव निवासी टाली को सरकारी नौकरी दिलाने का झूठा सपना दिखाया। शातिर ने अपनी बातों में फंसाकर दोनों से 50-50 हजार रुपए गूगल-पे के माध्यम से अपने बैंक खाते में डलवा लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो उन्हें नौकरी दिलवाई और न ही रकम वापस की।

आदतन अपराधी है आरोपी राकेश
हैरानी की बात यह है कि आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ पहले भी इसी तरह का मामला दर्ज है। इससे पहले 24 फरवरी को थाना कोट कहलूर में घवांडल निवासी नीता देवी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी ने खुद को लोक निर्माण विभाग का इंजीनियर बताकर उनके बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। कागजी कार्रवाई के नाम पर उसने अलग-अलग तारीखों में कुल 4 लाख 56 हजार रुपए ऐंठ लिए थे और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया था।

एसपी ने लाेगों से की अपील, अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राकेश कुमार को हिरासत में ले लिया गया है। थाना स्वारघाट में उसके विरुद्ध धोखाधड़ी (420) का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें और ऐसे ठगों से सावधान रहें। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!