Edited By Vijay, Updated: 28 Feb, 2026 03:32 PM

बिलासपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए 2 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने जहां बरमाणा थाना क्षेत्र में एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है....
बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए 2 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने जहां बरमाणा थाना क्षेत्र में एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है, वहीं नयनादेवी में एक प्रवासी व्यक्ति को अवैध शराब की तस्करी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार पहले मामले में बरमाणा पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम अलसू पुल के पास पहुंची तो वहां एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देख युवक घबराने लगा, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। जब पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, तो उसकी जेब से 1.38 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान विपिन कुमार उर्फ काकू निवासी गांव लघट, डाकघर बरमाणा व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरा मामला नयनादेवी क्षेत्र का है। पुलिस चौकी नयनादेवी की टीम जब गश्त के दौरान स्थानीय श्मशानघाट की ओर जाने वाली सीढ़ियों के पास पहुंची, तो सामने से एक व्यक्ति कंधे पर बोरा उठाए आता दिखाई दिया। पुलिस को सामने देख उक्त व्यक्ति रास्ता बदलने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोका और बोरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरे के अंदर से देसी शराब की 9 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने जब आरोपी से शराब ले जाने का परमिट या कोई दस्तावेज मांगा, तो वह कुछ भी पेश नहीं कर पाया। पुलिस ने अवैध शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना कोट कहलूर में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान पूर्णकोरी निवासी नयनादेवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here