Bilaspur: स्कूटी सवार महिला से जंगली जानवर के नाखून बरामद, पुलिस में मामला दर्ज

Edited By Kuldeep, Updated: 11 Mar, 2026 04:27 PM

bilaspur woman animal nails recovered

जिले में वन्यजीव तस्करी से जुड़ा एक मामला सामने आया है। थाना बरमाणा पुलिस द्वारा गत 14 जनवरी को एक महिला स्कूटी सवार से बरामद किए गए 8 नाखून फोरैंसिक जांच में तेंदुए के पाए गए हैं।

बिलासपुर (बंशीधर): जिले में वन्यजीव तस्करी से जुड़ा एक मामला सामने आया है। थाना बरमाणा पुलिस द्वारा गत 14 जनवरी को एक महिला स्कूटी सवार से बरामद किए गए 8 नाखून फोरैंसिक जांच में तेंदुए के पाए गए हैं। यह खुलासा क्षेत्रीय फोरैंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (आरएफएसएल) मंडी की रिपोर्ट में हुआ है। फोरैंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ वाइल्ड लाइफ प्रोटैक्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला वन्यजीव तस्करी से जुड़े किसी गिरोह से तो नहीं जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार 14 जनवरी को थाना बरमाणा की टीम ने एसीसी चौक के पास नाका लगाया हुआ था और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार महिला वहां पहुंची। पुलिस ने संदेह के आधार पर स्कूटी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से एक लिफाफा बरामद हुआ, जिसमें भूरे रंग के 8 नाखून पाए गए थे। इन नाखूनों पर बाल और चमड़ी भी लगी हुई थी, जिससे पुलिस को शक हुआ कि यह किसी जंगली जानवर के हो सकते हैं।

इसके बाद पुलिस ने बरामद नाखूनों को कब्जे में लेकर जांच के लिए आरएफएसए मंडी भेज दिया। हाल ही में आई फोरैंसिक रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि ये नाखून तेंदुए के हैं। आरोपी महिला की पहचान कश्मीरी देवी पत्नी गुरुदेव सिंह देव निवासी लगट डाकघर बरमाणा तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी महिला यह नाखून कहां से लेकर आई थी और इन्हें किसे देने वाली थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ वाइल्ड लाइफ प्रोटैक्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे नैटवर्क और घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!