Weather update: प्रदेश में सूखी ठंड का बढ़ा प्रकोप, जम गए प्राकृतिक जलस्रोत

Edited By Kuldeep, Updated: 11 Dec, 2025 10:45 PM

the severe dry cold weather has intensified in the state causing natural water

राज्य में दिन में धूप खिलने से मैदानी व मध्य इलाकों में गर्मी का अहसास हो रहा है, लेकिन उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सूखी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

शिमला (संतोष): राज्य में दिन में धूप खिलने से मैदानी व मध्य इलाकों में गर्मी का अहसास हो रहा है, लेकिन उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सूखी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है और कई जगह सामान्य से नीचे माइनस में पहुंच गया है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में हालात और भी सख्त हैं, जहां तापमान शून्य से काफी नीचे दर्ज किया जा रहा है और प्राकृतिक जलस्रोत जम गए हैं। ठंड से सिर्फ पहाड़ी इलाके ही नहीं, बल्कि निचले जिले भी बुरी तरह प्रभावित हैं। बिलासपुर और मंडी जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। इसकी वजह से ठंड और अधिक महसूस हो रही है और सुबह-शाम दृश्यता भी प्रभावित हो रही है। निचले इलाकों में शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो चुकी है।
राजधानी शिमला के अलावा मैदानी इलाकों के जिलों में न्यूनतम तापमान नीचे चला गया है, जिससे वहां की रातें शिमला की अपेक्षा सर्द हो गई हैं। शिमला में बुधवार रात न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हमीरपुर में 3.9, मंडी में 3.7, कांगड़ा में 5.4, पालमपुर में 5, सोलन में 3, ऊना में 5.6 और धर्मशाला व देहरा गोपीपुर में 7 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। पहाड़ी पर्यटन स्थलों की बात करें तो मनाली का न्यूनतम तापमान 2.3, नारकंडा 3.4, कुफरी 6.2 व भरमौर 6.4 डिग्री रहा।
जनजातीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड का असर ज्यादा है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में माइन 6.3 डिग्री सैल्सियस, ताबो में माइनस 4.6 डिग्री और केलांग में शून्य से नीचे माइनस में तापमान बना हुआ है। किन्नौर के कल्पा में 1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की कमी आई है, जबकि यह सामान्य से 0.3 डिग्री नीचे बना हुआ है।
फिलहाल वीरवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही, लेकिन बिलासपुर और मंडी में घने कोहरे से लोगों को परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने 12 और 13 दिसम्बर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। हालांकि निचले इलाकों में विशेष रूप से बिलासपुर और मंडी में सुबह और शाम घने कोहरे के लिए यैलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 14 दिसम्बर को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। 15 से 17 दिसम्बर को भी प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों को सुबह-शाम सतर्क रहने और सफर के दौरान कोहरे से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

 

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!