Edited By Vijay, Updated: 13 Jun, 2025 02:36 PM

प्रदेश के मैदानी इलाकों में इन दिनों प्रचंड गर्मी के कारण जनजीवन काफी हद तक प्रभावित होता जा रहा है। इस सीजन अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया जा चुका है।
ऊना (अमित): प्रदेश के मैदानी इलाकों में इन दिनों प्रचंड गर्मी के कारण जनजीवन काफी हद तक प्रभावित होता जा रहा है। इस सीजन अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया जा चुका है। ऊना जिला की बात करें ताे यहां सुबह से ही सूर्य देवता आग बरसाने लगते हैं और शाम तक तेज धूप के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। जिले में तापमान 42 डिग्री सैल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिसके चलते लोग खासी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राहत की कोई संभावना नहीं है और लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। जिला प्रशासन ने पहले ही नागरिकों से अपील की थी कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर न निकलें, पानी का अधिक सेवन करें और धूप से बचने के उपाय करें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के चलते दिन में तो जहां परेशानी पेश आ रही है वहीं रात के वक्त भी तापमान में किसी तरह की गिरावट नहीं होना मुसीबत का कारण बनता जा रहा है। हालत यह हो चुकी है कि तापमान में अत्यधिक वृद्धि के चलते गर्मी से राहत दिलाने वाले बिजली उपकरणों में एयर कंडीशन और कूलर आदि भी प्रभावशाली साबित नहीं हो रहे। कृषि कार्यों और निर्माण गतिविधियों पर भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। खेतों में काम करने वाले किसान सुबह जल्दी या देर शाम के समय ही कार्य कर रहे हैं, जबकि मजदूर वर्ग भी दिन के समय कार्य करने से बच रहा है। वहीं इस गर्मी के चलते बाजारों से भी रोक पूरी तरह से गायब हो चुकी है। लोगों का कहना है कि अब बारिश ही इस गर्मी से निजात दिला सकती है।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक