Edited By Vijay, Updated: 22 Dec, 2022 11:20 PM

सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी नई कांग्रेस सरकार के मंत्रियों के नए साल में शपथ लेने की संभावना है। ऐसा इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री के कोरोना संक्रमित होने के कारण उनके 25 दिसम्बर तक ही दिल्ली से शिमला लौटने की संभावना है।
शिमला (कुलदीप): सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी नई कांग्रेस सरकार के मंत्रियों के नए साल में शपथ लेने की संभावना है। ऐसा इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री के कोरोना संक्रमित होने के कारण उनके 25 दिसम्बर तक ही दिल्ली से शिमला लौटने की संभावना है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर भी 25 दिसम्बर दोपहर शिमला से अहमदाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे तथा उसके बाद उनका गोवा जाने का कार्यक्रम है। राज्यपाल 31 दिसम्बर तक प्रदेश से बाहर रहेंगे। इसे देखते हुए नए साल में ही नए मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री के लौटने पर विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तिथियों को भी नए सिरे से निर्धारित किया जाएगा। यानी विधानसभा का शीतकालीन सत्र नए साल में जनवरी माह के पहले सप्ताह में होगा। ऐसे में यह भी संभव है कि शीतकालीन सत्र के बाद ही नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाए। मंत्री पद के दावेदार नेता भी दिल्ली में आलाकमान के समक्ष अपना पक्ष रख चुके हैं और कुछ नेता अभी भी वहां पर डटे हुए हैं।
मंत्रिमंडल गठन को लेकर आलाकमान से हो चुकी है चर्चा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मंत्रिमंडल गठन व विधानसभा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष को लेकर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा व राजीव शुक्ला से चर्चा हो चुकी है। ऐसे में मंत्रियों तथा विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के नाम लगभग तय हो गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष पद का चयन जगत सिंह नेगी, कुलदीप सिंह पठानिया और डाॅ. धनीराम शांडिल में से किए जाने की संभावना है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए चंद्रशेखर व आशीष बुटेल का नाम आगे आ रहा है। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए जिन 3 नेताओं के नाम सामने आए हैं, उनमें से जिन 2 का चयन नहीं होगा, उनका मंत्री बनना लगभग तय है। इसके अलावा कांगड़ा जिले से चंद्र कुमार, सुधीर शर्मा, संजय रत्न और रघुबीर सिंह बाली, बिलासपुर से राजेश धर्माणी, कुल्लू से सुंदर सिंह ठाकुर, सिरमौर से हर्षवर्धन चौहान और शिमला जिला से रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह, अनिरुद्ध सिंह और कुलदीप सिंह राठौर के नाम सामने आए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here