Edited By Kuldeep, Updated: 21 Jun, 2025 06:00 PM

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि लव जिहाद, अवैध धार्मिक निर्माण एवं गौवंश हत्या पर सरकार चुप्पी साधे हुए है।
शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि लव जिहाद, अवैध धार्मिक निर्माण एवं गौवंश हत्या पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आते ही कांग्रेस सरकार सनातन विरोधी मानसिकता पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब की घटना को लेकर जो कुछ भी हुआ, उसमें एकतरफा कार्रवाई की गई है। उन्होंने इस मामले पर भाजपा नेताओं पर झूठे मामले दर्ज करने का आरोप भी लगाया तथा इसको वापस लेने की मांग की। जयराम ठाकुर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, विधायक सुखराम चौधरी व रीना कश्यप एवं पूर्व विधायक बलदेव तोमर भी इस अवसर पर मौजूद थे। जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी सनातन विरोधी मानसिकता को नहीं बदला, तो भाजपा आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कहा कि पांवटा से गुम हुई 18 वर्षीय लड़की की वापसी तब हुई, जब लोग आंदोलन पर उतरे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सत्ता में आने के बाद यह राग अलापना शुरू कर दिया कि वह 97 फीसदी हिंदू विरोधी विचारधारा को हराकर सत्ता में आए हैं। उन्होंने चम्बा के मनोहर हत्याकांड सहित प्रदेश में हुई अन्य घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नाहन के एक विशेष समुदाय के युवक ने सहारनपुर जाकर गाय के टुकड़ों की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर डाला, लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि संजौली में अवैध मस्जिद मामले में भी सरकार का रवैया सनातन विरोधी रहा। उन्होंने राज्य सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम करने का आरोप भी लगाया।
किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई, लेकिन मामले को लेकर एस.डी.एम. का व्यवहार सही नहीं था।
दूसरे पक्ष पर कार्रवाई नहीं हुई : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि सरकार की तरफ से 19 वर्ष के लड़के पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि लड़की 4 जून को गुम हुई और इसकी रिपोर्ट परिजनों ने 5 जून को दर्ज करवाई। इसके बाद जब लोग सड़कों पर उतरे तो वह 13 जून को आंदोलन स्थल पर गए। उन्होंने कहा कि भाजपा लड़की के परिवार की मान-मर्यादा के कारण चुप है।