Edited By Kuldeep, Updated: 08 Apr, 2025 09:24 PM

राज्य सरकार ने 31 मार्च, 2025 को 2 वर्ष का निरंतर कार्यकाल पूरा करने वाले हजारों अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला लिया है।
शिमला (कुलदीप): राज्य सरकार ने 31 मार्च, 2025 को 2 वर्ष का निरंतर कार्यकाल पूरा करने वाले हजारों अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला लिया है। इसके अलावा 4 वर्ष की निरंतर सेवा पूरी कर चुके दैनिक वेतनभोगी और आकस्मिक भुगतान कर्मचारियों (कंटीजैंट पेड वर्कर) को भी इसी तिथि से नियमित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में गत 5 अप्रैल को हुई मंत्रिमंडल बैठक में यह निर्णय लिया गया था, जिसको लेकर कार्मिक विभाग की तरफ से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
आदेशों के अनुसार अनुबंध कर्मचारियों का नियमितीकरण रिक्त पदों एवं वरिष्ठता के आधार पर होगा। कर्मचारियों को इसके लिए मैडीकल प्रमाण पत्र भी देना होगा। इसके अलावा भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार प्रमाण पत्रों से संबंधित अन्य औपचारिकताओं को पूरा किया जाएगा। अनुबंध कर्मियों को नियमितीकरण का पत्र जारी होने की तारीख से उन्हें नियमित माना जाएगा। इन कर्मचारियों की नियमितीकरण की पात्रता की जांच के लिए विभागों में एक स्क्रीनिंग कमेटी बनेगी।
नियमितीकरण उस वर्ष के लिए संबंधित विभाग को आबंटित बजट की उपलब्धता के अधीन होगा। यानी इसके लिए किसी तरह का अतिरिक्त बजट मांग के आधार पर उपलब्ध नहीं होगा। दैनिक वेतनभोगी और आकस्मिक भुगतान कर्मचारियों (कंटीजैंट पेड वर्कर) 4 वर्ष बाद नियमित होंगे, जिसमें एक कैलेंडर वर्ष में कम से कम 240 दिन का नियमित कार्य करने की शर्त लागू होगी। यदि 240 दिनों की लगातार सेवा के बीच कोई ब्रेक होती है, तो उस स्थिति में कर्मचारी नियमित नहीं होंगे।
संबद्ध अधिकारियों को आदेश जारी
अनुबंध कर्मचारियों को 2 वर्ष बाद नियमित करने एवं 4 वर्ष की निरंतर सेवा पूरी कर चुके दैनिक वेतनभोगी और आकस्मिक भुगतान कर्मचारियों (कंटीजैंट पेड वर्कर) को नियमित करने संबंधी आदेश संबद्ध अधिकारियों का जारी किए गए हैं। इसमें सभी प्रशासनिक सचिवों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों एवं उपायुक्तों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।