Edited By Vijay, Updated: 09 Mar, 2025 11:36 PM

सरकारी कर्मचारियों की अदला-बदली के पत्र बम से नाचन में हड़कंप मच गया है, जिसके बाद 3 एफआईआर दर्ज की गई हैं। ये शिकायतें पुलिस थाना गोहर, पुलिस चौकी कालोनी सुंदरनगर और साइबर क्राइम मंडी में दर्ज की गई हैं।
गोहर (ख्यालीराम): सरकारी कर्मचारियों की अदला-बदली के पत्र बम से नाचन में हड़कंप मच गया है, जिसके बाद 3 एफआईआर दर्ज की गई हैं। ये शिकायतें पुलिस थाना गोहर, पुलिस चौकी कालोनी सुंदरनगर और साइबर क्राइम मंडी में दर्ज की गई हैं। रविवार को रॉबिन सिंह व घनश्याम सिंह ने पुलिस थाना गोहर, जिला परिषद सदस्य महादेव जसवीर सिंह और पूर्व जिला सचिव कांग्रेस पार्टी दीप शर्मा ने पुलिस चौकी कालोनी सुंदरनगर तथा कार्यकारी प्रधानाचार्य महादेव राजेश सैनी ने साइबर क्राइम में ये शिकायतें दर्ज करवाई गई हैं।
शिकायतकर्त्ताओं ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया में एक पत्र वायरल हुआ है जिसमें अध्यापकों के तबादलों को लेकर पैसों के लेनदेन की बात कही गई है। आरोप हैं कि यह पत्र मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नाचन कांग्रेस पार्टी के नेता एवं निदेशक हि.प्र. राज्य सहकारी बैंक के निदेशक की बढ़ती लोकप्रियता को धूमिल करने के लिए वायरल किया गया है, जिसकी जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
क्या है पत्र बम
यह पत्र महादेव स्कूल के एक अध्यापक के द्वारा लिखा हुआ बताया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य अध्यापकों की मनमाफिक बदली को लेकर 45,000 से 50,000 रुपए तक ले रहा है तथा अब तक कई तबादले करवा चुके हैं और अभी नई लिस्टें बनाई जा रही हैं। पत्र में यह भी जिक्र किया गया है कि उपरोक्त राशि से 20,000 रुपए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जाएंगे और बाकी की राशि लाल सिंह कौशल को पार्टी फंड के लिए जाएगी।
चंडीगढ़ सैक्टर 44 के पोस्ट ऑफिस से भेजा गया है पत्र
पत्र के वायरल होने के बाद सत्ता पक्ष में इस बात को लेकर हड़कंप मचा हुआ है कि पत्र की प्रतिलिपियां महामहिम राज्यपाल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिक्षा सचिव, विधायक नाचन विनोद कुमार, कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी रहे नरेश चौहान समेत प्रैस क्लब शिमला को भेजी गई हैं। यह पत्र चंडीगढ़ के सैक्टर 44 के पोस्ट ऑफिस से 25 फरवरी को स्पीड पोस्ट से भेजा गया है, जिसमें पत्र भेजने वाले का नाम रमेश कुमार निवासी गांव व डाकघर महादेव दर्शाया गया है। एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
नाचन कांग्रेस नेता लाल सिंह कौशल ने कहा कि आरोप निराधार हैं, यह सिर्फ राजनीतिक लाभ जुटाने के लिए पार्टी के कुछ लोगों के द्वारा ही भाजपा के लोगों के साथ मिलकर साजिश का एक मात्र नमूना है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की बढ़ती लोकप्रियता की जलन और उनके साथ मेरी नजदीकियां अब उन्हें अखरने लगी हैं। जांच में षड्यंत्र का भंडाफोड़ होगा। वहीं महादेव स्कूल के कार्यकारी प्रधानाचार्य ने कहा कि सोशल मीडिया में वायरल हुए पत्र से बहुत आहत हूं, सरकार को इसकी गहनता से जांच करवानी चाहिए। साथ ही जिस व्यक्ति ने चंडीगढ़ के सैक्टर 44 पोस्ट ऑफिस से स्पीड पोस्ट करवाई है, वहां के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए। पत्र में लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
क्या कहते हैं नेता प्रतिपक्ष
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इन दिनों हिमाचल प्रदेश सरकार में भ्रष्टाचार का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार राजनीतिक दल की कम मित्र मंडली से ज्यादा घिरी है। राज्य में तबादला माफिया, खनन माफिया और नशा माफिया बेलगाम है। लेकिन अधिकारी और कर्मचारियों को अपने कार्य के सिवा राजनीति से दूर रहना चाहिए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here