Edited By Vijay, Updated: 10 Sep, 2023 12:24 AM
जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह शनिवार को चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे। पंजाब केसरी समाचार पत्र समूह के संस्थापक एवं प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी व मुख्य संपादक अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 42वीं पुण्यतिथि पर हिमाचल प्रदेश...
शिमला (ब्यूरो): जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह शनिवार को चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे। पंजाब केसरी समाचार पत्र समूह के संस्थापक एवं प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी व मुख्य संपादक अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 42वीं पुण्यतिथि पर हिमाचल प्रदेश में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को हरित राज्य का बनाने का वायदा भूल गई है। हिमाचल प्रदेश एनपीएस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर को हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के समानांतर गुट का अध्यक्ष चुना गया है। मणिमहेश यात्रा के दौरान शुरू की गई हैली टैक्सी सेवा में टिकट ब्लैक करने का आरोप लगा है। लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार हाल ही घटनाओं से सबक लेते हुए भवन निर्माण के सख्त कानून लाएगी। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी को बंद करने की साजिश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी शामिल हैं। शिमला की सड़कों पर विदेशियों को रिक्शा चलाते देख स्थानीय लोग हैरान हो गए। जिला किन्नौर में निगुलसरी के पास भूस्खलन से अवरुद्ध हुए राष्ट्रीय उज्च मार्ग-5 को बहाल करने के लिए एनएच प्राधिकरण द्वारा दिन-रात युद्धस्तर पर कार्य चलाया हुआ है। परिजनों की डांट से आहत होकर एक स्कूली छात्र घर से क्या निकला कि उसका शव जंगल में पेड़ पर लटका हुआ मिला।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
G20 Summit: दिल्ली पहुंचे CM सुखविंदर सिंह, राष्ट्रपति की तरफ से दिए रात्रि भोज में हुए शामिल
जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह शनिवार को चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिल्ली पहुंचने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से देश-विदेश से आए अतिथियों को भारत मंडपम में दिए जाने वाले रात्रि भोज में हिस्सा लिया। इसके लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को विशेष तौर पर न्यौता भेजा गया है।
अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 42वीं पुण्यतिथि पर हिमाचल में जुटाया 559 यूनिट रक्त
पंजाब केसरी समाचार पत्र समूह के संस्थापक एवं प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी व मुख्य संपादक अमर शहीद लाला जगत नारायण जी की 42वीं पुण्यतिथि पर हिमाचल प्रदेश में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 559 रक्तवीरों ने रक्तदान कर पुण्य कमाया, जिन्हें पंजाब केसरी समूह की ओर से प्रशस्ति पत्र व मैडल देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 10 लोगों ने अंगदान करने की भी शपथ खाई।
हिमाचल को हरित राज्य बनाने का वायदा भूली सरकार : जयराम
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को हरित राज्य का बनाने का वायदा भूल गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि बजट में घोषित की गई योजनाओं पर सरकार ने 9 महीने में कितना अमल किया है, साथ ही सरकार से 2 वर्ष में 1500 इलैक्ट्रिक बसों को खरीदने की जानकारी भी मांगी।
जज्बे को सलाम, रक्तदान के लिए व्हीलचेयर पर ऊना अस्पताल पहुंचे टक्का के मोहित
रक्तदान शिविर लगा था। क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना में युवाओं के साथ महिलाएं भी रक्तदान के लिए आगे आ रही थीं लेकिन इसी बीच जब व्हीलचेयर पर एक व्यक्ति कैम्प की तरफ बढ़ा तो हर किसी को लगा कि शायद यह सामान्य जांच के लिए अस्पताल आया होगा। पूछा तो कहा कि रक्तदान करने आया हूं। व्हीलचेयर पर मौजूद इस व्यक्ति के जज्बे को देखकर हर कोई हैरान था।
प्रदीप ठाकुर बने अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ समानांतर गुट के अध्यक्ष
हिमाचल प्रदेश एनपीएस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर को हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के समानांतर गुट का अध्यक्ष चुना गया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के सभागार में हुए इस चुनाव में प्रदीप ठाकुर को सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
मणिमहेश यात्रा के दौरान हैली टैक्सी की टिकट ब्लैक करने का आरोप
मणिमहेश यात्रा के दौरान शुरू की गई हैली टैक्सी सेवा से लोगों के साथ धोखा किया जा रहा है। मैहला पंचायत के उपप्रधान भुवनेश सिंह कटोच उर्फ मुन्ना ने बताया कि वह हैलीपैड पर टिकट लेने के लिए सुबह से लाइन में खड़े रहे, लेकिन उन्हें बताया गया कि जिनकी ऑनलाइन बुकिंग है पहले उन्हें भेजा जाएगा, आप इंतजार कीजिए।
भवन निर्माण के कानून किए जाएंगे सख्ती से लागू : विक्रमादित्य सिंह
प्रदेश सरकार हाल ही घटनाओं से सबक लेते हुए भवन निर्माण के सख्त कानून लाएगी। हालांकि सख्त कानून अभी भी हैं लेकिन उनका पालन कितना होता है यह सभी जानते हैं लेकिन अब भवन निर्माण के कानून सख्ती से लागू किए जाएंगे। कोताही बरतने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह बात लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को गत दिनों भारी बरसात से क्षतिग्रस्त हुई अनाडेल कैंची मोड़-गवाही-कड़ोग संपर्क सड़क का निरीक्षण करने के उपरांत कही।
राजीव बिंदल का आरोप, बोले-SPU मंडी को बंद करने की साजिश में प्रतिभा सिंह भी शामिल
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी को बंद करने की साजिश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी शामिल हैं। इसी कारण वह इस मामले पर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं। डाॅ. राजीव बिंदल ने यहां जारी बयान में कहा कि विधानसभा चुनाव में 10 में से 9 सीटें भाजपा की झोली में डालने का खमियाजा मंडी की जनता भुगत रही है।
जब रिक्शा चलाते हुए शिमला पहुंच गए विदेशी, बने आकर्षण का केंद्र
रिक्शा रन हिमालयन में भाग ले रहे विदेशी प्रतिभागी शिमला पहुंचे हैं। रिक्शा रन हिमालयन में अलग-अलग देशों से 25 टीमें हिस्सा ले ही हैं। शिमला की सड़कों पर विदेशियों को रिक्शा चलाते देख स्थानीय लोग हैरान हो गए। कुछ लोगों ने तो इनसे बात कर जानकारी हासिल की कि वे किस उद्देश्य से यहां पर पहुंचे हैं। रिक्शा को लेकर लोगों का आकर्षित होने का कारण है कि शिमला शहर में रिक्शा चलाने का प्रचलन नहीं है।
निगुलसरी में भूस्खलन से अवरुद्ध NH-5 की बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी
जिला किन्नौर में निगुलसरी के पास भूस्खलन से अवरुद्ध हुए राष्ट्रीय उज्च मार्ग-5 को बहाल करने के लिए एनएच प्राधिकरण द्वारा दिन-रात युद्धस्तर पर कार्य चलाया हुआ है। मार्ग की बहाली के लिए 5 पोकलेन मशीनें व 4 एयर कम्प्रैशर मशीनें सड़क के दोनों ओर से लगाई गई हैं ताकि शीघ्र मार्ग बहाल हो तथा बागवानों व जिला के लोगों को राहत पहुंच सके परंतु सड़क मार्ग के लगभग 400 मीटर हिस्से का नामोनिशान मिट चुका है।
परिजनों की डांट से नाराज छात्र ने उठाया खौफनाक कदम
परिजनों की डांट से आहत होकर एक स्कूली छात्र घर से क्या निकला कि उसका शव जंगल में पेड़ पर लटका हुआ मिला। 16 वर्षीय छात्र का शव शिमला के समरहिल से सटे चायली गांव में मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और इस मामले में अभी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक की पहचान लक्ष्य पुत्र राजपाल कश्यप के रूप में हुई है।