Edited By Vijay, Updated: 09 Sep, 2023 09:55 PM

जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह शनिवार को चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिल्ली पहुंचने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से देश-विदेश से आए अतिथियों को भारत मंडपम में दिए जाने वाले रात्रि भोज में...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश-विदेश से आए मेहमानों से की मुलाकात
शिमला (कुलदीप): जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह शनिवार को चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिल्ली पहुंचने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से देश-विदेश से आए अतिथियों को भारत मंडपम में दिए जाने वाले रात्रि भोज में हिस्सा लिया। इसके लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को विशेष तौर पर न्यौता भेजा गया है। रात्रि भोज के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश-विदेश से आए मेहमानों से भी मुलाकात की। इस अवसर पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन सहित अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष एवं प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
प्रदर्शनी में हिमाचल प्रदेश के उत्पादों का लगा स्टाल
उल्लेखनीय है कि जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान विभिन्न राज्यों के उत्पादों एवं संस्कृति को दर्शाने को लेकर प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें देश के अन्य राज्यों के अलावा हिमाचल प्रदेश के उत्पादों का स्टाल भी लगाया गया है। हिमाचल प्रदेश के इस स्टाल में हैंडलूम व हैंडीक्राफ्ट के अलावा कुल्लवी शॉल व टोपी सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। मुख्यमंत्री इससे पहले गत शुक्रवार सायं चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे तथा वहां पर ही हिमाचल भवन में विश्राम किया। उसके बाद मुख्यमंत्री शनिवार को दिल्ली रवाना हुए तथा उनके रविवार शाम तक वापस शिमला पहुंचने की संभावना है।
रविवार को हिमाचल पहुंच सकती हैं प्रियंका गांधी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के रविवार को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यदि मौसम अनुकूल रहा तो वह प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सकती हैं। इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा का पहले 3 बार हिमाचल प्रदेश आने का कार्यक्रम बन चुका है, लेकिन खराब मौसम एवं रैड अलर्ट के चलते घोषित होने के कारण उनके दौरे रद्द हुए हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here