Edited By Swati Sharma, Updated: 05 Feb, 2026 04:09 PM

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के लाखों राशनकार्ड धारकों के लिए फरवरी का महीना राहत भरी खबर लेकर आया है। प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत डिपुओं में मिलने वाले सरसों तेल की कीमतों में 7 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। इस फैसले से...
Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के लाखों राशनकार्ड धारकों के लिए फरवरी का महीना राहत भरी खबर लेकर आया है। प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत डिपुओं में मिलने वाले सरसों तेल की कीमतों में 7 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। इस फैसले से प्रदेश के करीब साढ़े 19 लाख परिवारों के रसोई का बजट सुधरेगा।
फरवरी माह की नई दरें: किसे कितना लाभ?
नागरिक आपूर्ति निगम ने तेल की कीमतों में बदलाव के बाद नई दरें लागू कर दी हैं। जनवरी के मुकाबले उपभोक्ताओं को अब कम कीमत चुकानी होगी।
APL और NFSA कार्ड धारक: जनवरी में जो तेल ₹160 प्रति लीटर मिल रहा था, वह अब ₹153 में उपलब्ध होगा।
टैक्सपेयर (करदाता) कार्ड धारक: इन उपभोक्ताओं के लिए कीमत ₹168 से घटाकर ₹161 प्रति लीटर कर दी गई है।
लाखों उपभोक्ताओं को सीधा फायदा
सिविल सप्लाई कारपोरेशन हमीरपुर की असिस्टेंट एरिया मैनेजर, रीता कुमारी ने पुष्टि की है कि डिपुओं में सस्ते दर पर तेल की सप्लाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कीमतों में इस गिरावट का सीधा लाभ प्रदेश के 19.50 लाख राशनकार्ड धारकों को मिलेगा। मध्यम और गरीब वर्गीय परिवारों के लिए यह कटौती एक बड़ी राहत मानी जा रही है।
दाल चना पर बढ़ी चिंता: बाजार से महंगा हुआ डिपो का राशन
जहां एक ओर तेल की कीमतों में राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर दाल चना को लेकर उपभोक्ताओं में असमंजस है। वर्तमान में डिपुओं में दाल चना का रेट बाजार के मुकाबले अधिक नजर आ रहा है: डिपो का रेट: ₹73 प्रति पैकेट और बाजार का रेट: ₹70 प्रति किलो। यानी उपभोक्ताओं को डिपुओं में बाजार के मुकाबले ₹3 अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं, जो राशनकार्ड धारकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।