Edited By Vijay, Updated: 19 Jul, 2023 07:45 PM

चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल में मूसलाधार बारिश से 35 मकान व गऊशालाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे करीब 30 लाख रुपए का अनुमानित नुक्सान हुआ है। वहीं बारिश से मुख्य मार्ग समेत 130 संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
सलूणी (शक्ति): चम्बा जिले के सलूणी उपमंडल में मूसलाधार बारिश से 35 मकान व गऊशालाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे करीब 30 लाख रुपए का अनुमानित नुक्सान हुआ है। वहीं बारिश से मुख्य मार्ग समेत 130 संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इससे लोक निर्माण मंडल सलूणी को 3 करोड़ का नुक्सान आंका गया है जबकि पूरा उपमंडल देश-दुनिया से कट गया है। क्षेत्र में मंगलवार रात को तेज बारिश शुरू हुई। यह क्रम बुधवार दोपहर तक जारी रहा। इससे डीएसपी सलूणी के आवास के पीछे भूस्खलन से आवास को खतरा पैदा हो गया। इसके साथ ही मलबे के बीच एक बाइक दब गई थी, जिसे बाद में लोगों द्वारा निकाल लिया गया।

20 बीघा जमीन में बीजी गई मक्की की फसल बर्बाद
उधर, धनून गांव में दियालु की गऊशाला गिरने से उसमें बंधे मवेशी मलबे में फंस गए, जिन्हें लोगों द्वारा सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रेमनगर के पास भूस्खलन से पूरे गांव को खतरा पैदा हो गया है जबकि एहनी में लोगों की 20 बीघा जमीन में बीजी गई मक्की की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। डिभरू में भी फसल को नुक्सान हुआ है। बंदोखी निवासी अशोक कुमार के मकान के गिरने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा दर्जनों लोगों के मकान भूस्खलन की जद्द में आने से गिरने की कगार पर हैं।
सड़क धंसने से दुकानों में आई दरारें
सलूणी में सुभाष चंद व सुरेश कुमार की दुकानों के साथ सड़क धंसने से दुकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं। इसके चलते दुकानदारों ने दुकानों से सामान निकाल लिया। वहीं ठाकुर दास ने भूस्खलन के बाद मंगलवार रात को ही अपने परिवार को अपने रिश्तेदारों के मकान में शिफ्ट कर दिया है। सलूणी-गल सड़क धंसने से दुकानों पर भी संकट के बादल मंडराए हैं।
नरोई नाले में जलस्तर बढ़ने से 4 वाहन मलबे में दबे, घराट पानी में बहा
नरोई नाले में जलस्तर बढ़ने से 2 गाड़ियां व एक बाइक व एक स्कूटी मलबे में दब गई, साथ में हिमिया गांव शाली का घराट पानी में बह गया है जबकि शक्ति प्रसाद पुत्र घिंदरो की गऊशाला क्षतिग्रस्त हुई है। इससे उन्हें आर्थिक नुक्सान हुआ है। राजकीय प्राथमिक पाठशाला वचूणी शिक्षा खंड सुंडला के भवन के नीचे भूस्खलन से स्कूल भवन को खतरा पैदा हुआ है। चोगा-खाल सड़क पर पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र का यातायात संपर्क कट गया है।

क्या कहते हैं अधिकारी
तहसीलदार एवं कार्यवाहक एसडीएम सलूणी विनोद कुमार ने बताया कि मूसलाधार बारिश से 7 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा 7 मकान आंशिक रूप से 11 गऊशालाएं आंशिक व पूर्ण रूप से 9 गऊशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। 4 दुकानों को भी नुक्सान हुआ है। बारिश से 35 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है। एक व्यक्ति को 10 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है। वहीं लोक निर्माण मंडल सलूणी के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने कहा कि विभाग की 130 सड़कें प्रभावित होने से 3 करोड़ का नुक्सान हुआ है, साथ में सलूणी-चम्बा सड़क को खुंडी मराल तक खोल दिया है जबकि अन्य सड़कों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here