Edited By Vijay, Updated: 25 Mar, 2026 03:15 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वारघाट पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 956 ग्राम चरस बरामद की है।
स्वारघाट: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वारघाट पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक ऑल्टो कार से 956 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मंडी जिले के रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले की पुष्टि एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वारघाट थाना पुलिस की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर टनल नंबर-1 (कैंचीमोड़) के दूसरे छोर यानी मैहला की तरफ नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पुलिस टीम फोरलेन से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की कड़ी चैकिंग कर रही थी। बीच मनाली की तरफ से एक सफेद रंग की ऑल्टो कार (HP 65-6858) वहां पहुंची। पुलिस टीम ने कार को चैकिंग के लिए रोका। जब पुलिस ने शक के आधार पर कार की बारीकी से तलाशी ली, तो उसके अंदर से 956 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने तुरंत चरस को कब्जे में लेकर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जुकव अली (39) पुत्र जुसव, निवासी गांव सनवाड़, डाकघर बथेरी, तहसील पधर व जिला मंडी के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि थाना स्वारघाट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लेकर आया था और इसे आगे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था।
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here